नागपुर मनपा (फाइल फोटो)
Sanjay Kamble NMC: नागपुर महानगरपालिका प्रशासन ने प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों की जिम्मेदारी में अहम बदलाव किया है। मनपा (NMC) के प्रवर्तन विभाग के अधीक्षक संजय कांबले को अब सहायक आयुक्त (अतिक्रमण) का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया गया है।
मनपा (NMC) के स्थापना विभाग द्वारा 10 अप्रैल को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, अतिक्रमण विभाग के सहायक आयुक्त का पदभार पहले हरीश राऊत (सहायक आयुक्त, सतरंजीपुरा जोन) के पास था। प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब हरीश राऊत से यह प्रभार लेकर संजय कांबले को आगामी आदेश तक के लिए सौंप दिया गया है।
आदेश में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि संजय कांबले अपने वर्तमान प्रवर्तन विभाग के काम को सुचारु रूप से संभालते हुए इस अतिरिक्त जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। इसके साथ ही प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि इस अतिरिक्त कार्यभार के लिए उन्हें किसी भी प्रकार का विशेष या अतिरिक्त वेतन देय नहीं होगा।
मनपा (NMC) आयुक्त के निर्देशानुसार, उपायुक्त (सामान्य प्रशासन विभाग) द्वारा जारी इस आदेश में दोनों अधिकारियों को तत्काल रूप से प्रभार का आदान-प्रदान करने को कहा गया है। साथ ही प्रभार सौंपने और स्वीकार करने के बाद कार्यालय में इसका अनुपालन अहवाल (रिपोर्ट) प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश भी दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें – महाराष्ट्र में सरकारी बस चालक से मारपीट, बाइक को कट लगने से भड़के लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा, देखें VIDEO
नागपुर में प्रशासक राज के 4 वर्षों के बाद मनपा में अब तमाम पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं। घोषणा के अनुसार सत्ता पक्ष भाजपा द्वारा महानगरपालिका में पहली बार पूरी तरह से महिला राज स्थापित कर दिया गया है। इसी क्रम में अब 16 अप्रैल को जोन सभापति ‘मिनी महापौर’ के रूप में भी महिला राज जारी रखा जाएगा।
शुक्रवार को जोन सभापति के चुनाव की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन द्वारा सूचना जारी की गई जिसके अनुसार 16 अप्रैल की सुबह 11 बजे लक्ष्मीनगर जोन में सभापति के चुनाव से प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी जोन के लिए सुबह 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।