नागपुर में छुट्टी के दिन भी चला मनपा का बुलडोजर, भिलगांव में 12 अवैध शेड ध्वस्त; दो ट्रक सामान जब्त

NMC Anti Encroachment Drive: अवकाश के बावजूद नागपुर मनपा के प्रवर्तन विभाग ने कामठी रोड, भिलगांव, सिविल लाइंस और महल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 अवैध शेड ढहाए और 2 ट्रक सामान जब्त किया।
Nagpur Bulldozer Action Bhilgaon
अवैध कब्जे पर चला मनपा का बुलडोजरसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • बुधवार को अवकाश के बावजूद नागपुर मनपा का प्रवर्तन विभाग सक्रिय रहा।

  • कामठी रोड के भिलगांव में 12 अवैध शेड पर बुलडोजर चलाया गया।

  • पीली नदी से सिविल लाइंस तक अवैध ठेले और दुकानें हटाई गईं।

  • कार्रवाई में करीब दो ट्रक सामग्री जब्त हुई, जिसमें आठ ठेले शामिल हैं।

Nagpur Bulldozer Action Bhilgaon: बुधवार को नागपुर मनपा में अवकाश होने के बावजूद प्रवर्तन विभाग का दस्ता सक्रिय रहा। आलम यह रहा कि कामठी रोड पर स्थित भिलगांव तक प्रवर्तन विभाग के दस्ते ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए 12 अवैध शेड पर बुलडोजर चलाया।

उल्लेखनीय है कि भिलगांव सिटी के बाहरी क्षेत्र में होने के कारण अमूमन यहां कार्रवाई नदारद रही है जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद थे। न केवल फुटपाथ बल्कि सड़कों के किनारों तक अतिक्रमण और अवैध शेड का कब्जा हो चुका था।

बुधवार को अचानक पहुंचे दस्ते को देखते हुए अतिक्रमणकारियों में हडकंप मच गया, जबकि दस्ते ने पहुंचते ही अवैध शेड को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस मुहिम के तहत दस्ते द्वारा सड़कों तथा फुटपाथों पर मौजूद अवैध ठेलों, दुकानों और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई।

सिविल लाइंस क्षेत्र में अवैध ठेलों के 2 ट्रक सामग्री जब्त

इसके बाद पीली नदी क्षेत्र से सिविल लाइंस क्षेत्र तक सड़क और फुटपाथ पर स्थित अवैध ठेलों व दुकानों को हटाया गया। 

इस कार्रवाई में लगभग 2 ट्रक सामग्री जब्त की गई जिसमें 8 ठेले भी शामिल हैं। यह पूरी कार्रवाई नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात) के आदेशानुसार अमल में लाई गई। प्रवर्तन विभाग के अन्य अतिक्रमण उन्मूलन दस्तों ने मिलकर बर्डी मेन रोड पर संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

कल्याणेश्वर महल परिसर में भी एक्शन

महल व आसपास के क्षेत्रों में महल चौक से बड़कस चौक, गडकरी वाड़ा परिसर, कल्याणेश्वर मंदिर परिसर और पुनः महल चौक से बड़कस चौक तक उन्मूलन कार्रवाई की गई।

यहां भी मार्ग के दोनों ओर सड़क व फुटपाथ पर लगे अवैध ठेलों को हटाया गया। कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग के उपायुक्त मंगेश खवले तथा प्रभारी सहायक आयुक्त संजय कांबले के मार्गदर्शन में टीम ने हिस्सा लिया।