विदर्भ में नौकरियों की होगी बौछार! XSIO पार्क से मिलेगा 2,500 लोगों को रोजगार, जानें क्या है खास

XSIO Industrial Park Nagpur: CM फडणवीस ने नागपुर में किया XSIO के ₹700 करोड़ के हाई-टेक इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन। 2,500 रोजगार और AI तकनीक से लैस होगा यह 'मैग्नेट' पार्क।
CM Devendra Fadnavis performs bhoomipujan for XSIO's ₹700Cr AI-powered industrial park in Nagpur. 2,500 jobs to be created. Read the full project details.
हाई-टेक इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Intelligent Integrated Industrial Park: राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण विनिर्माण क्षेत्र सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है। उद्योगों को बढ़ावा देने और विदर्भ के विकास के लिए नागपुर को 'उद्योगों का मैग्नेट' बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें एक्सएसआइओ (ईएसआर) कंपनी को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नागपुर में कही।

मुख्यमंत्री ने नागपुर-अमरावती राजमार्ग पर लिंगा में महाराष्ट्र के पहले 'एक्सएसआईओ इंटेलिजेंस-इंटीग्रेटेड एडवांस्ड इंडस्ट्रियल एंड मैन्युफैक्चरिंग पार्क' का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, वित्त एवं नियोजन राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, विधायक आशीष देशमुख, चरण सिंह ठाकुर, जिलाधिकारी विपिन इटनकर और एक्सएसआईओ इंडस्ट्रियल एंड लॉजिस्टिक पार्क के प्रबंध निदेशक आशीष अग्रवाल उपस्थित थे।

विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती देने पर जोर

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन में सशक्त रूप से खड़ा करने के लिए विनिर्माण क्षेत्र को और मजबूत करना आवश्यक है। तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा हो सकेगा। राज्य सरकार ने भी इसके लिए उद्योग-अनुकूल नीतियां लागू की हैं, जिससे विनिर्माण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का लक्ष्य देश की पहली 'ट्रिलियन डॉलर' अर्थव्यवस्था बनना है। इस रोडमैप को साकार करने में इस तरह के लॉजिस्टिक पार्कों की भूमिका अहम है। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्सएसआईओ एडवांस्ड इंडस्ट्रियल पार्क' परिसर में गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया और पौधारोपण भी किया।

परियोजना की मुख्य विशेषताएं:

  • यह पार्क 'ब्लैकस्टोन' समर्थित है और इसमें 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इस परियोजना से नागपुर क्षेत्र में लगभग 2,500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
  • यह राज्य का पहला 'इंटेलिजेंस-इंटीग्रेटेड' औद्योगिक संकुल है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम और 'डिजिटल ट्विन' तकनीक का उपयोग किया गया है, जो ऊर्जा की बचत और कार्यकुशलता को बढ़ाएगा।
  • एक्सएसआईओ द्वारा महाराष्ट्र में कुल 8,142 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिसका लक्ष्य राज्य में 35,000 से अधिक रोजगार पैदा करना है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com