नागपुर में पानी बिलों पर हंगामा, समाधान शिविर में गायब जनप्रतिनिधि, 559 शिकायतें निपटीं; फिर भी जनता रही बेबस

Nagpur Water Bill Issue: नागपुर में पानी बिल शिकायत शिविर के पहले ही दिन जनप्रतिनिधि गायब रहे। 5 जोन में लगे कैंप में 559 शिकायतों का समाधान हुआ, लेकिन नागरिकों को जवाबदेही हेतु कोई नजर नहीं आया।
Uproar over Water Bills in Nagpur: Public Representatives Absent from Resolution Camp; 559 Complaints Resolved, Yet the Public Remains Helpless.
नागपुर पानी बिल शिकायत( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Nagpur MC Complaint Camp: नागपुर जिले में पानी के अनाप-शनाप बिलों पर लगातार आ रहीं शिकायतों और विपक्षी दल की ओर से लगातार साधे जा रहे निशाने के बाद सत्ता पक्ष की ओर पूरे मसले पर संज्ञान लेकर पानी बिल शिकायत निवारण शिविर तो लगाने का फैसला किया गया, किंतु पहले ही दिन पदाधिकारियों ने जनता को कम्पनी के भरोसे छोड़ दिया।

इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निर्धारित समयसारिणी के अनुसार सोमवार को कुल 5 जोन में शिकायत निवारण शिविर लगाए गए किंतु लगभग सभी पदाधिकारी और सत्ता पक्ष के तमाम पार्षद कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र के दौरे पर रहे। हालांकि कम्पनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्याओं का निवारण तो किया, किंतु जनता शिकायत निवारण केंद्रों पर पदाधिकारियों को भी ढूंढती दिखाई दी।

दौरा टाल देते या बाद में करते शिविर

मनपा की ओर से कई ग्राहकों को अवास्तविक और भारी-भरकम पानी के बिल भेजे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। नागरिकों की इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महानगर पालिका के जलप्रदाय विभाग ने ऑरेंज सिटी वॉटर के सहयोग से दो दिवसीय शिकायत निवारण शिविर के आयोजन का फैसला किया।

इस शिविर के पहले ही दिन नागरिकों का उत्कृष्ट प्रतिसाद देखने को मिला और कुल 559 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिकायतों को लेकर पहुंचे ग्राहकों की पानी के बिलों के साथ ही अन्य शिकायतें भी थीं किंतु इन शिकायतों को सुनने के लिए कोई भी जनप्रतिनिधि उपलब्ध नहीं था। ग्राहकों का मानना था कि शिकायतों के लंबे अंतराल के बाद किसी तरह से शिविर तो लगाए गए, लेकिन अब पदाधिकारी ही नहीं हैं।

पहले चरण में पांच जोनों में मिली राहत

पहले चरण के अंतर्गत 20 और 21 अप्रैल को मनपा के लक्ष्मीनगर, हनुमान नगर, गांधीबाग, सतरंजीपुरा और आसीनगर जोन कार्यालयों में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन ओसीडब्ल्यू के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न जोनों में प्राप्त शिकायतों और उनके समाधान का पूरा प्रयास किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com