नागपुर में SRPF जवान की सरेराह हत्या, नाबालिग बेटी से अफेयर का विरोध करने पर प्रेमी ने सीने में घोंपा चाकू

Nagpur Crime News: नागपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करने पर SRPF जवान की चाकू मारकर हत्या। मुख्य आरोपी समेत 5 लोग गिरफ्तार, इलाके में तनाव का माहौल।
Nagpur SRPF Jawan Murder
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

Nagpur SRPF Jawan Murder: महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कानून के एक रखवाले को अपनी ही बेटी के भविष्य की चिंता करना भारी पड़ गया। एमआईडीसी पुलिस थाना क्षेत्र के मातोश्री नगर में राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) के 42 वर्षीय सहायक उप निरीक्षक (ASI) पंकज ठाकुर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि यह हत्या उनकी 16 वर्षीय बेटी के प्रेमी और उसके साथियों ने मिलकर की है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी 23 वर्षीय आकाश हरिदास मंडल का पिछले दो वर्षों से पंकज ठाकुर की नाबालिग बेटी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। ठाकुर इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने कई बार आकाश को चेतावनी दी थी कि वह उनकी बेटी से दूर रहे, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

हनुमान जयंती के दिन हुई बहस

घटना गुरुवार रात की है, जब मातोश्री नगर के एक स्थानीय मंदिर में हनुमान जयंती का कार्यक्रम चल रहा था। पंकज ठाकुर वहां मौजूद थे, तभी उन्होंने देखा कि आकाश उनकी बेटी के पास जाकर उससे बातचीत करने की कोशिश कर रहा है। ठाकुर ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आकाश को वहां से चले जाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

घात लगाकर किया हमला

बहस के बाद आकाश वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अपने भाइयों, मां और दोस्तों के साथ धारदार हथियारों से लैस होकर वापस लौटा। आरोपियों ने सरेआम पंकज ठाकुर पर हमला बोल दिया। जब ठाकुर के रिश्तेदार अर्पित (30) ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से वार किए।दोनों घायलों को तुरंत शालिनीताई मेघे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। अर्पित की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर की MIDC पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और मुख्य आरोपी आकाश मंडल, उसके भाई हर्षद और उसकी मां सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 302) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद से इलाके में मातम और रोष का माहौल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com