Nagpur Ambazari Police News: नागपुर शहर में अवैध हुक्का पार्लरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए अंबाझरी पुलिस ने रामनगर स्थित स्काई रेस्टोरेंट एंड कैफे पर छापा मारा। इस कार्रवाई में ग्राहकों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त रविंद्रकुमार सिंगल के निर्देश के बाद शहर में कैफे और लाउंज पर सख्ती बढ़ाई गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात भगवती हाइट्स स्थित स्काई कैफे पर कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि पहले इस लाउंज का नाम ‘तमाशा’ था, जिसे बदनामी के बाद बदल दिया गया, लेकिन नियमों का उल्लंघन जारी रहा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ब्रिजेश पाल, प्रकाश खड़का, सुजल मेंढे, उदय यादव और सूरज गजभिए के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि कैफे के वास्तविक संचालक अपना नाम छिपाकर दूसरे के नाम पर कारोबार चला रहे थे। एक ही लाइसेंस पर कैफे लाउंज और पब संचालित किए जाने की भी जानकारी मिली है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां हुक्का पार्लर संचालित किया जा रहा है। छापेमारी में हुक्का पॉट और तंबाकूजन्य फ्लेवर सहित 10,500 रुपये का माल जब्त किया गया।
स्थानीय नागरिकों ने पहले भी रामनगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कैफे-लाउंज की शिकायतें की थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बनी हुई थी। अब पुलिस की इस कार्रवाई को सख्ती की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।