Alapalli ITI Gadchiroli News: गड़चिरोली जिले के आलापल्ली स्थित विश्वेश्वरराव आत्राम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) को आदिवासी क्षेत्र की राज्य की उत्कृष्ट संस्था के रूप में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के हाथों संस्था को सम्मानित किया गया।
राजभवन मुंबई में आयोजित समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, कौशल व उद्योजकता मंत्री मंगल प्रभात लोढा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
संस्था के उत्कृष्ट कार्यों के चलते यह सम्मान प्रदान किया गया। आईटीआई ने Lloyds Metals and Energy Limited में 78 प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रोजगार दिलाने में सफलता हासिल की है। साथ ही उत्पादनाभिमुख प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत करीब 3 करोड़ रुपये के कार्य पूर्ण किए गए हैं, जिससे लगभग 16 लाख रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ है।
संस्था ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए एनएसएस के माध्यम से भामरागढ़ तहसील के कोठी और पोयरकोठी गांवों में बाढ़ प्रभावित करीब 200 मकानों का विद्युतीकरण भी किया है।
संस्था के प्राचार्य वैभव बोंगीरवार ने यह पुरस्कार स्वीकार किया। इस अवसर पर पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में प्रशिक्षणार्थी भी उपस्थित रहे।