प्रिया हत्याकांड में नागपुर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, जानिए क्या है UK कनेक्शन?

बीते माह 16 अगस्त से लापता युवती फरस चौक, मानकापुर निवासी प्रिया बागड़े (29) की हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही शव भी बरामद कर लिया है। आरोपी महेश केशवराव वड़स्कर (57) को पुलिस ने बुधवार की दोपहर न्यायालय में पेश किया।
प्रिया हत्याकांड में नागपुर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, जानिए क्या है UK कनेक्शन?
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

नागपुर: बीते माह 16 अगस्त से लापता युवती फरस चौक, मानकापुर निवासी प्रिया बागड़े (29) की हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही शव भी बरामद कर लिया है। गिरफ्त में आए आरोपी सक्करदरा निवासी महेश केशवराव वड़स्कर (57) को पुलिस ने बुधवार की दोपहर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए। इस मामले में और भी आरोपियों की भूमिका होने की पूरी संभावना है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रिया अपने परिवार से अलग रहती थी और इवेंट का काम करती थी। महेश रामटेक में होटल टर्निंग प्वाइंट चलाता है। 3 वर्ष पहले दोनों की फेसबुक पर दोस्ती हुई। दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल गई। 1 वर्ष पहले प्रिया गर्भवती हो गई। महेश ने गर्भपात करवाने के बाद शादी करने का भरोसा दिलाया। गर्भपात करवाने के बाद वह टालमटोल करने लगा, जबकि प्रिया लगातार दबाव डाल रही थी। अपने खर्च के लिए वह महेश से पैसे भी लेती थी।

पुलिस ने बताया कि 16 अगस्त को प्रिया अपने दोपहिया वाहन पर रामटेक गई। वहां दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। महेश ने विष देकर प्रिया की हत्या कर दी। अपने होटल से 3 किलो मीटर दूर निर्जनस्थान पर गड्ढा खोदकर शव गाढ़ दिया। मंगलवार रात पुलिस ने महेश को गिरफ्तार किया। बुधवार की सुबह उसे रामटेक ले जाकर शव बरामद किया।

पुलिस को संदेह है कि इस वारदात में और भी लोगों का हाथ है। महेश अकेले प्रिया का शव होटल से दूर ले जाए और जमीन में इतना बड़ा गड्ढा गोदकर दफन कर दे यह संभव नहीं है। इसीलिए पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर 5 दिन की पुलिस हिरासत ली है। इसमें जल्द ही महेश का साथ देने वालों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

UK के वृद्ध से भी रचाया विवाह

प्रिया हत्याकांड की जांच के दौरान एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है जिससे पुलिस भी चकराई हुई है। जांच में पता चला कि वह महेश के अलावा और भी लोगों के संपर्क में थी। उसने यूके में रहने वाले 70 वर्षीय जॉन ग्लक से वर्चुअल विवाह किया था। यहां तक की प्रिया ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल में प्रिया बागड़े की जगह प्रिया ग्लक नाम रख लिया था।

पुलिस के अनुसार प्रिया फेसबुक के जरिए वर्ष 2023 में जॉन के संपर्क में आई थी। तब से दोनों की लगातार चैटिंग होती थी। ऑनलाइन दोनों ने ब्याह रचा लिया और लगातार वीडियो कॉल भी होते थे। जॉन हर महीने प्रिया को लगभग 20,000 रुपए खर्च के लिए भेजता था। जॉन सेवानिवृत्त है और यूके में अकेला रहता है। अब पुलिस जॉन का पता भी खोज रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com