

मुंबई: महाराष्ट्र की महायुति सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण' (लाडली बहन) योजना को महिलाओं का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। राज्य की 2 करोड़ जनता के घरों तक पहुंचने का लक्ष्य रख कर शुरू की गई इस योजना के श्रेय को भुनाने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना लाभार्थी परिवारों से मिलने के लिए 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण कुटुंब भेट' (लाडली बहन परिवार मिलन) नामक व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए शिवसेना के विभागवार समन्वयकों की बुधवार को नियुक्ति की गई। पार्टी ने इस अभियान को 7 भागों में, उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम विदर्भ, मुंबई और ठाणे, पश्चिम महाराष्ट्र, पूर्वी विदर्भ, मराठवाड़ा और कोंकण में चलाने के लिए 14 समन्वयक नियुक्त किए हैं।
10 सितंबर को सीएम शिंदे ने ठाणे में 'मुख्यमंत्री माझी माझी लाडकी बहीण कुटुंब भेट' अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ठाणे के किसन नगर के लाभार्थी परिवारों से मुलाकात की आगे शिवसेना के 1 लाख कार्यकर्ता प्रतिदिन 15 लाभार्थी परिवारों से मुलाकात करेंगे। पार्टी ने एक सप्ताह के अंदर 1 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लिखा कि ''शिवसेना की ओर से पूरे राज्य में चलाए जा रहे 'मुख्यमंत्री माझी लड़की बहीन कुटुंब भेट अभियान' की शुरुआत ठाणे शहर से की गई। इस अभियान के तहत मैं व्यक्तिगत तौर पर 15 परिवारों से मिला और उनकी राय ली।''
इस अवसर पर सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, सांसद नरेश म्हस्के, विधायक प्रताप सरनाईक, पूर्व विधायक रवींद्र फाटक, युवा सेना के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्वेश सरनाईक, स्थानीय पूर्व नगरसेवक योगेश जानकर, पूर्व नगरसेवक राम रेपाले, विभाग प्रमुख बबन मोरे, विभाग प्रमुख एकनाथ भोईर उपस्थित थे।
इस अभियान में लाडली बहन और उनके परिवार को सरकार की 10 महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसकी अहम जिम्मेदारी युवा सेना को सौंपी गई है। शिवसेना सचिव भाऊसाहेब चौधरी द्वारा जारी विज्ञप्ति के जारी कर इन नामों की घोषणा की हैं।