

Nagpur PNG Connection Registration: सरकार द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने के लिए युद्ध स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नागपुर सहित पूरे राज्य में पाइपलाइन बिछाने के कार्य को प्राथमिकता दी गई है। बूटीबोरी से शहर की सीमा तक करीब 100 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार हो चुका है वहीं अगले एक महीने में इतनी ही अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है।
फिलहाल लगभग 200 उपभोक्ताओं ने पीएनजी के लिए पंजीकरण कराया है। प्रशासन ने एक महीने के भीतर 5,000 रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य तय किया है जिसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। मध्य-पूर्व में जारी युद्ध और खाड़ी देशों की स्थिति को देखते हुए भविष्य में संभावित ईंधन संकट से निपटने के लिए पीएनजी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राज्य सरकार के हालिया निर्णय के बाद अब पीएनजी परियोजनाओं (Nagpur PNG Connection) को तेजी से मंजूरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। नागपुर जिले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन का कार्य एचसीजी कंपनी के पास है। बूटीबोरी तक पहुंच चुकी पाइपलाइन को अब रिहायशी इलाकों तक ले जाने का काम तेजी से चल रहा है। वर्तमान में शहर में सीएनजी के 28 पंप संचालित हैं।
पीएनजी की सुविधा मोबाइल या बिजली की तरह उपलब्ध होगी। इसके लिए 9,590 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करते हैं तो 9,000 रुपये की वापसी की जाएगी। इसके अलावा ईएमआई और रेंटल विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे।
सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग पीएनजी का उपयोग करें। इससे उपभोक्ताओं को 10 से 20 प्रतिशत तक की बचत होगी और बेहतर सुविधा भी मिलेगी।
सिडको क्षेत्र में काम लगभग पूरा हो चुका है जहां करीब 2 से 2.5 हजार घर हैं। जामठा तक पाइपलाइन पहुंच गई है और वानाडोंगरी में काम जल्द शुरू होगा, साथ ही विभिन्न कॉलोनियों को अनुमति जल्द मिलने की संभावना है जिसके अनुसार पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ पंजीकरण की प्रक्रिया भी की जाएगी।
पीएनजी के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। इसके लिए अधिकृत एजेंसियां नियुक्त की गई हैं। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। हमारे प्रतिनिधि सोसाइटी और उपभोक्ताओं तक पहुंचकर एप के माध्यम से पंजीकरण करेंगे।
सिडको (बूटीबोरी), संदेश सिटी, एम्पेरियन-1 व 2 (जामठा), ब्लूमडेल, फर्स्ट सिटी, शिव कैलाश (मिहान), वानाडोंगरी, हिंगना, डैफोडिल हिंगना, नील सिटी, कासा लोटस, वास्तु विहार, मंजूषा अपार्टमेंट, पिनूर वुड्स-1 व 2, कृष्णा लैंडमार्क, कृष्णा छाया अपार्टमेंट, रचना आनंदवन, पुष्प गिरी अपार्टमेंट और रामगिरी अपार्टमेंट (वानाडोंगरी) शामिल हैं।