ऑपरेशन यू-टर्न का असर! नागपुर में सड़क हादसों में आई भारी गिरावट, शराबी चालकों में कार्रवाई का खौफ
Nagpur News: नागपुर पुलिस का ऑपरेशन यू-टर्न रंग ला रहा है। सड़क हादसों में मृत्युओं में 58 की कमी आई। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती से हुआ अनुशासन और डर का माहौल।
- Written By: आकाश मसने
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Nagpur Police Operation U-Turn News: नागपुर शहर में सड़क हादसे कम करने और वाहन चालकों में अनुशासन लाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा ऑपरेशन यू-टर्न की शुरुआत की गई। बहुत कम समय में ही इसका असर भी देखने को मिल रहा है। जानलेवा हादसे कम करने में पुलिस को सफलता मिली है। बीते वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु में 58 की कमी आई है। डीसीपी ट्रैफिक लोहित मतानी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं वाहन चालकों की लापरवाही के चलते ही होती हैं। ऐसे में पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई से शराबियों में डर का माहौल है।
शराब पीकर वाहन चलाने से लोग बच रहे हैं। यही कारण है कि दुर्घटनाएं कम हुईं। जनवरी से अगस्त 2024 के बीच शहर में सड़क हादसों में 253 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। यह आंकड़ा बेहद गंभीर था। इसीलिए सीपी रविंद्र कुमार सिंगल ने एक्सीडेंट कम करने के लिए उपाययोजना करने के निर्देश दिए। पुलिस की सक्रियता से हादसे कम हुए हैं। इस वर्ष जनवरी से अगस्त तक 195 लोगों की मृत्यु हुई। हम यह आंकड़ा भी कम करने के लिए प्रयत्नरत हैं।
2,500 शराबी वाहन चालक पकड़ाए
एक्सीडेंट कम करने के लिए पुलिस वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है और इसका असर भी दिख रहा है। रोजाना नागपुर शहर में 33 अलग-अलग जगहों पर बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी की जाती है। शाम 7 बजे से रात 2 बजे तक पुलिस शराबी वाहन चालकों की जांच करती है। लगभग रोज 1,000 वाहन चालकों की जांच होती है।
सम्बंधित ख़बरें
पीएम की अपील: ईंधन बचाने पर जोर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और ऑनलाइन मीटिंग्स पर महाराष्ट्र सरकार का फोकस
‘त्याग का समय आ गया’, पीएम मोदी पर कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल का तीखा वार; बयान से राजनीति गरमाई
मुंबई को ट्रैफिक से मिलेगी राहत: गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड का पहला फ्लाईओवर तैयार, जून तक शुरू होने की उम्मीद
नागपुर के धरमपेठ में मामूली विवाद के बाद छात्र की मौत, 2 नाबालिग हिरासत में; पुलिस जांच तेज
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में अनुदानित महाविद्यालयों में शिक्षकों को अकाल, 65% प्राध्यापक पद खाली
अब तक 2,500 शराबी वाहन चालकों को पकड़ा जा चुका है। इस पर जुर्माना इतना अधिक है कि दोबारा शायद ही कोई शराब पीकर वाहन चलाए। इसके अलावा रैश ड्राइविंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। लगभग रोजाना 60 से ज्यादा लोगों के खिलाफ रैश ड्राइविंग के तहत बीएनएस की धारा 281 के तहत कार्रवाई की जाती है।
2471 पर ड्रिंक एंड ड्राइव की कार्रवाई
| जोन | अगस्त 2024 तक | अगस्त 2025 तक |
|---|---|---|
| एमआईडीसी | 100 | 290 |
| सोनेगांव | 75 | 272 |
| सदर | 79 | 239 |
| सीताबर्डी | 93 | 218 |
| कॉटन मार्केट | 68 | 264 |
| लकड़गंज | 172 | 237 |
| अजनी | 107 | 248 |
| सक्करदरा | 105 | 152 |
| इंदोरा | 172 | 273 |
| कामठी | 172 | 278 |
| कुल | 1143 | 2471 |
पिछले दो वर्षों की तुलना
| समयावधि | जानलेवा हादसे | मृत्यु | गंभीर हादसे | गंभीर जख्मी |
|---|---|---|---|---|
| जनवरी से अगस्त 2024 | 238 | 253 | 334 | 436 |
| जनवरी से अगस्त 2025 | 165 | 195 | 323 | 417 |
50 से ज्यादा पालकों के खिलाफ कार्रवाई
कम उम्र के बच्चों का वाहन लेकर रास्ते पर निकलना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कम उम्र के बच्चे हादसों का शिकार होते हैं। इसके लिए उन्हें वाहन देने वाले पालक जिम्मेदार हैं। इसीलिए पुलिस ने अब नाबालिगों को वाहन देने वाले पालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
MIDC जोन में सबसे ज्यादा हादसे
| जोन | अगस्त 2024 तक | अगस्त 2025 तक |
|---|---|---|
| एमआईडीसी | 56 | 54 |
| सोनेगांव | 16 | 05 |
| सदर | 21 | 18 |
| सीताबर्डी | 14 | 09 |
| कॉटन मार्केट | 05 | 11 |
| लकड़गंज | 08 | 05 |
| अजनी | 40 | 24 |
| सक्करदरा | 23 | 14 |
| इंदोरा | 32 | 28 |
| कामठी | 38 | 27 |
रोजाना 10 पालकों के खिलाफ मोटर वाहन कानून की धारा 199 अ के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों का मुआयना कर उपाययोजना की जा रही है। ब्लिंकर, झिगडैग बैरिकेडिंग, मनुष्यबल की तैनाती, सूचना फलक और रास्तों पर रंबलर लगाए जा रहे हैं।
