नागपुर: पार्षद की मौजूदगी में गुंडागर्दी! पाइपलाइन ठीक करने पहुंचे OCW इंजीनियर पर हमला, FIR दर्ज
Nagpur OCW News: नागपुर के ईश्वरनगर में पाइपलाइन मरम्मत के दौरान OCW इंजीनियर पर हमला। पार्षद की मौजूदगी में कार्यकर्ता ने की मारपीट। पुलिस ने दर्ज की FIR, कर्मचारियों में रोष।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर न्यूज
Engineer Attacked Nagpur: नागपुर में एक ओर जहां जलवाहिनी लीकेज होने के कारण जलापूर्ति पर पड़ते असर को लेकर ओसीडब्ल्यू पर रोष जताया जा रहा है वहीं दूसरी ओर जलापूर्ति को सुचारु करने के लिए मरम्मत का कार्य करते समय नेटवर्क इंजीनियर के साथ मारपीट भी की जा रही है। इस तरह की घटना उस समय उजागर हुई जब नेहरूनगर जोन में स्थित ईश्वरनगर चौक पर लीकेज को दुरुस्त करने के दौरान ओसीडब्ल्यू के नेटवर्क इंजीनियर के साथ हाथापायी की गई।
महिला पार्षद की मौजूदगी में हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्षद दिव्या धुरडे के कहने पर इंजीनियर अभिषेक सहारे मरम्मत स्थल पर पहुंचे थे। साइट पर काम के दौरान पार्षद की मौजूदगी में ही उनके साथ आए एक पार्टी कार्यकर्ता राकेश ने इंजीनियर सहारे पर हमला कर दिया। रिपोर्ट में यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि हमले के दौरान इंजीनियर ने किसी भी तरह का प्रतिरोध या जवाबी कार्रवाई नहीं की। इस मामले में स्थानीय पुलिस स्टेशन में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जनस्वास्थ्य के लिए जरूरी काम में बाधा
ओसीडब्ल्यू ने इस हिंसक कृत्य की कड़ी निंदा की है और कहा है कि पाइपलाइन मरम्मत जैसे कार्य जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। कंपनी के अनुसार, यदि रिसाव को समय पर ठीक नहीं किया गया तो पेयजल आपूर्ति प्रणाली में दूषित पानी मिलने की संभावना रहती है जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। हाल ही में मानकापुर जोन में भी ऐसी ही स्थिति पैदा हुई थी।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: बैरिकेड्स तोड़े, पुलिस से धक्का-मुक्की; मोर्चे में कई नेता गिरफ्तार
नागपुर में दोहरी मार से थमे ट्रकों के पहिये: डीजल की बढ़ी कीमतों से ट्रांसपोर्ट उद्योग बेहाल
CM सिटी में विकास या मनमानी? नागपुर की पक्की सड़क फिर खोदी गई; दुकानदारों-विद्यार्थियों की बढ़ी मुश्किल
नागपुर वाड़ी की म्हाडा कॉलोनी में सनसनी, बंद घर में 4 दिन पुराने वृद्ध दंपति का मिला शव; इलाके में दहशत
सुरक्षा पर उठे सवाल
यह पहली बार नहीं है जब ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निशाना बनाया गया है। कुछ महीने पहले धंतोली जोन में भी एक नेटवर्क इंजीनियर को अवैध पानी कनेक्शन काटने के दौरान जबरन बंधक बनाकर रखा गया था। ओसीडब्ल्यू प्रशासन ने महानगरपालिका और स्थानीय पुलिस से अपील की है कि वे फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
