नंदनवन के कैफे में लगी आग (सौजन्य-नवभारत)
Cafe Fire Nagpur: नागपुर में कैफे के सामने पेशाब करने पर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 2 गुटों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस मारपीट में कई लोग जख्मी हुए। एक गुट ने कैफे में आग लगा दी जिसके बाद तनाव और बढ़ गया। कुछ ही समय में इस घटना ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। दोनों तरफ से भारी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही भारी तादाद में पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।
सीपी रवींद्र कुमार सिंगल सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दंगा नियंत्रण दल सहित भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया और सुबह तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने रानी दुर्गावती चौक निवासी मोहम्मद फैजल मोहम्मद मुश्ताक शेख (21) और सिरसपेठ निवासी ऋषिकेश राजेश वाघमारे (26) की शिकायत पर दोनों गुटों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
फैजल की शिकायत के अनुसार वह नंदनवन रोड पर स्थित राष्ट्रसंत तुकड़ोजी स्मारक भवन में एफएस जोन नामक कैफे चलाता है। रात 9.30 बजे के दौरान वह कैफे बंद करके घर जा रहा था। इसी दौरान अभिजीत शेलके नामक युवक कैफे के सामने पेशाब करता दिखाई दिया। फैजल ने उसे फटकार लगाई तो उसने गालीगलौज और विवाद शुरू कर दिया।
अभिजीत के साथ 3-4 लोग थे। उन्होंने फैजल के साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं ऋषिकेश ने अपनी शिकायत में बताया कि 9 बजे के दौरान उसे अभिजीत का फोन आया और उसने तत्काल उपरोक्त स्थान पर बुलाया। ऋषिकेश वहां पहुंचा तो लोगों की भीड़ दिखाई दी। अभिजीत और उसके साथियों को लोग पीट रहे थे।
यह भी पढ़ें – CM फडणवीस पर तंज पड़ा भारी, 39K फॉलोअर्स वाला ‘X’ अकाउंट अब होगा डिलीट? महाराष्ट्र पुलिस ने भेजा नोटिस
ऋषिकेश ने बीचबचाव का प्रयास किया तो वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। पास रहने वाले रिश्तेदार मदद के लिए आए तो मारपीट करने वाले फरार हो गए। बाद में अभिजीत ने बताया कि कैफे संचालक से माफी मांगने के बावजूद वह कुछ सुनने को तैयार नहीं था। उसने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाया और मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो शाब्दिक झड़प के बाद दोनों ही गुटों एक दूसरे पर हमला कर दिया। जमकर मारपीट हुई और तनाव निर्माण हो गया। इसके बाद गुस्साए एक गुट ने फैजल के कैफे में पेट्रोल डालकर आग लगा दी जिसके बाद परिसर में दोनों ही तरफ से भारी संख्या में लोग जमा हो गए। तनाव के वातावरण को देखते हुए जोन-4 के अन्य पुलिस थानों से भी स्टाफ बुलाया गया। दंगा नियंत्रण दल भी मौके पर पहुंचा।
नागपुर पुलिस ने दोनों तरफ की भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। वारदात के बाद कुछ लोगों ने इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। माहौल न बिगड़े इसीलिए सुबह तक परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अब स्थिति शांत है लेकिन एहतियातन पुलिस ने बंदोबस्त लगा रखा है। इस मारपीट में 5 से 6 लोग जख्मी हुए हैं।