नागपुर मनपा में महासभा के एजेंडे पर विवाद, महापौर और सत्ता पक्ष नेता की गैरमौजूदगी में मिली मंजूरी

Nagpur NMC Agenda Controversy: नागपुर महानगरपालिका की आम सभा के एजेंडे को महापौर नीता ठाकरे और सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर की गैरमौजूदगी में अंतिम रूप दिए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
nagpur municipal corporation general body agenda controversy
महापौर नीता ठाकरे (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • नागपुर मनपा की महासभा का एजेंडा महापौर नीता ठाकरे और सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर की गैरमौजूदगी में अंतिम रूप दिए जाने पर विवाद।

  • 20 नवंबर की रात 12 बजे तक एक भाजपा पदाधिकारी की मौजूदगी में एजेंडा तैयार कर मंजूरी दिए जाने की चर्चा।

  • विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के वरिष्ठ नगरसेवकों ने भी महापौर की अनुपस्थिति में एजेंडा तैयार करने पर नाराजगी जताई।

  • महापौर ने कहा कि दक्षिण कोरिया रवाना होने से पहले उन्होंने कुछ प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया था। वह और सत्ता पक्ष नेता 22 नवंबर को नागपुर लौटे थे।

Nagpur Municipal Corporation: नागपुर महानगरपालिका की आम सभा की विषय पत्रिका (एजेंडा) को महापौर और सत्ता पक्ष नेता की अनुपस्थिति में अंतिम मंजूरी दिए जाने को लेकर मनपा गलियारों में मामला गरमाया हुआ है। शुक्रवार को हुई मनपा की सभा में भले ही कई विषयों पर हंगामे और तल्खियां दिखाई दी, किंतु सर्वाधिक चर्चा महासभा के लिए तैयार किए गए एजेंडा को लेकर रही।

जहां न केवल विपक्ष के नगरसेवक बल्कि सत्ता पक्ष के भी कई वरिष्ठ नगरसेवकों की ओर से महापौर की अनुपस्थिति में महासभा का एजेंडा तैयार होने की नाराजगी जता रहे थे। सत्ता पक्ष के ही कुछ पार्षदों का मानना था कि महासभा का एजेंडा उस समय तैयार हुआ जब वह देश में ही नहीं थीं। संभवतः मनपा के इतिहास में यह पहला मौका है कि सत्ता दल के किसी नेता ने पदाधिकारियों के साथ मिलकर एजेंडा तैयार किया हो जिसे लेकर अब पार्टी के भीतर भी नाराजगी जताई जा रही है।

महापौर के अधिकारों पर अतिक्रमण

सामान्य नियमों के अनुसार मनपा की आम सभा की विषय पत्रिका (एजेंडा) आमतौर पर बैठक से करीब एक सप्ताह पहले तय की जाती है। इस प्रक्रिया के दौरान महापौर, सत्ता पक्ष नेता, स्थायी समिति के सभापति और वरिष्ठ नगरसेवकों की मौजूदगी अनिवार्य मानी जाती है। इसके विपरीत हाल ही में संपन्न हुई महासभा के लिए महापौर और सत्ता पक्ष नेता की गैर-मौजूदगी में ही विषय पत्रिका को अंतिम रूप दे दिया गया।

इतना ही नहीं सदन के भीतर यह चर्चा भी जोरो पर रही कि यह पूरी प्रक्रिया एक भाजपा पदाधिकारी की उपस्थिति में पूरी की गई जिसे महापौर के अधिकारों पर अतिक्रामण माना जा रहा है। इस संदर्भ में पूछे जाने पर बताया गया कि महापौर ने कोरिया जाने से पहले केवल कुछ ही प्रस्ताव को हरी झंडी दी थी, जबकि पूरा एजेंडा बाद में तैयार किया गया, सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर से पूछे जाने पर उन्होंने विषय को ही टाल दिया।

nagpur municipal corporation general body agenda controversy
ठाणे में ऑटो रिक्शा चालकों की हड़ताल टली, मंत्री प्रताप सरनाईक की मध्यस्थता से बनी सहमति

रात 12 बजे तक चली बैठक जल्दबाजी पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार महापौर नीता ठाकरे दक्षिण कोरिया के दौरे पर थी और सत्ता पक्ष नेता वाल्या बोरकर भी शहर से बाहर गए हुए थे। दोनों नेता 22 नवंबर को नागपुर वापस लौटे। हालांकि उनके लौटने से पहले ही शुक्रवार की महासभा के लिए विषय पत्रिका को 20 नवंबर को ही अंतिम रूप दे दिया गया था। महासभा में इस बात को लेकर चर्चा रही कि 20 नवंबर की रात 12 बजे तक एक भाजपा पदाधिकारी की मौजूदगी में एक पदाधिकारी ने इस विषय पत्रिका को मंजूरी दी।

इस पर कुछ नगरसेवकों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सवाल किया कि जब महापौर महज 2 दिनों में लौटने वाली थी तो विषय तय करने में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई।आम सभा समाप्त होने के बाद जब महापौर नीता ठाकरे से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि दक्षिण कोरिया रवाना होने से पहले ही उन्होंने कुछ विषयों को अंतिम रूप दे दिया था।

nagpur municipal corporation general body agenda controversy
Gold-Silver Price: मुंबई और नागपुर में महंगा हुआ सोना-चांदी, जानें 28 नवंबर के ताजा भाव

प्रशासन ने हाथ खड़े किए

एजेंडा तैयार करने का पूरा मामला ही गैरसंवैधानिक होने के कारण इस संदर्भ में प्रशासन से पूछे जाने पर किसी ने भी प्रतिक्रिया देने से साफ इनकार कर दिया। कुछ अधिकारियों ने कहा कि यह मामला सत्ता पक्ष का है। इस संदर्भ में सत्ता पक्ष ने ही खुलासा करना चाहिए।

प्रशासन को बीच में लाने से अधिकारियों की अड़चन होगी। कोई भी अधिकारी इस संदर्भ में बोलने के लिए तैयार नहीं है। हालांकि एजेंडा मध्य रात्रि को तैयार होने की पुष्टि दबी आवाज में जरूर की गई।