नागपुर का 'अजूबा' रोड! 40 फुट की सड़क खंभों ने की 10 फुट, मानकापुर में जान जोखिम में डाल रहे वाहन चालक

Nagpur Mankapur Road Issue: नागपुर के मानकापुर में सड़क के बीच खड़े खंभों ने बढ़ाई मुसीबत। 40 फुट का रोड हुआ 10 फुट का, कल्पना टॉकीज से शिव मंदिर मार्ग बना 'डेथ ट्रैप'। यहां पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
40ft road shrinks to 10ft in Nagpur's Mankapur due to electric poles in the middle. Residents demand relocation to prevent accidents between Kalpana Talkies & Shiv Mandir.
नागपुर न्यूज
Updated on

Electric Poles Middle of Road Nagpur: नागपुर में सड़कों के बीच खड़े पोल यातायात व्यवस्था में एक बड़ी समस्या बन गए हैं। प्रशासन द्वारा सड़कों के बीच में लगाए गए पोल, जहां एक ओर सड़क के संकरे होने के कारण वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक की समस्या भी बढ़ गई है।

यही हाल कल्पना टॉकीज से शिव मंदिर के बीच की सड़क का हो गया है। यहां 40 फुट का रोड 10 फुट में सिमटकर रह गया है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इन पोल्स को हटाने या अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

आधी से ज्यादा सड़क व्यर्थ

बता दें कि मानकापुर क्षेत्र में कल्पना टॉकीज चौक से लेकर प्राचीन शिव मंदिर तक वर्षों से बिजली के खंभे सड़क के बीचोंबीच ही खड़े हैं। इस कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संकरी सड़क और इन पोल्स की मौजूदगी ने और भी अधिक अव्यवस्था पैदा कर दी है। चूंकि यह पोल सड़कों के बीच में खड़े हैं, इससे आधी से ज्यादा सड़क व्यर्थ पड़ी हुई है। यह स्थिति न केवल यातायात के सुगम संचालन में रुकावट डालती है बल्कि दुर्घटनाओं के खतरे को भी बढ़ा देती है।

पोल्स को स्थानांतरित करने की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन पोल्स के कारण रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि 2 चौपहिया वाहन एक साथ सड़क से गुजरें तो पर्याप्त जगह नहीं मिलती। नतीजतन ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से इन पोल्स को हटाने की अपील की है। उनका कहना है कि अगर इन पोल्स को स्थानांतरित किया जाए तो सड़क पर यातायात सुचारु रूप से चल सकेगा और ट्रैफिक की समस्या भी खत्म हो जाएगी।

बढ़ी सड़क दुर्घटनाओं की आशंका

सड़क के बीचोंबीच खड़े बिजली और लाइट के पोल अब दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। सड़क के मध्य स्थित इन पोलों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यहां कई वाहन चालक स्लिप हो चुके हैं।

गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन यदि इस ओर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हादसे में कोई जनहानि होती है तो उसका जिम्मेदार प्रशासन को ठहराया जाएगा।

रात के वक्त अधिक खतरा

मानकापुर के स्थानीय रहवासियों ने बताया कि मार्ग पर रात के वक्त खतरा अधिक रहता है। स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण रात के वक्त बीच सड़क खड़े पोल जल्दी दिखाई नहीं देते। ऐसे में वाहन चालकों की पोल के साथ भिड़ंत हो सकती है। यदि इन बिजली के खंभों को स्थानांतरित कर दिया जाए तो ट्रैफिक की समस्या के साथ सड़क दुर्घटनाओं से भी छुटकारा मिल सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com