सुनेत्रा पवार ने रोकी जय की सनसनीखेज प्रेस कॉन्फ्रेंस! NCP में मची उथल-पुथल, इस्तीफों की लगी झड़ी

Sunetra Ajit Pawar News: अजित पवार के परिवार और पार्टी में बड़ी कलह! सुनेत्रा पवार ने रोकी बेटे जय की प्रेस कॉन्फ्रेंस! सुनील तटकरे के खिलाफ इस्तीफों की झड़ी। विमान हादसे पर साजिश की सुगबुगाहट तेज।
Rifts widen in NCP (Ajit Pawar) as Sunetra Pawar reportedly unhappy with party functioning. Son Jay Pawar's PC on VSR Aviation cancelled. Sunil Tatkare faces mass resignations.
सुनेत्रा पवार और जय पवार (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ajit Pawar Plane Crash Investigation: बारामती में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे की वजह से गिरा था या फिर किसी साजिश की वजह से। इसे लेकर राज्य की राजनीति में चल रहा घमासान थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच खबर आई है कि दिवंगत अजित की पत्नी व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार अपनी पार्टी राकां के कामकाज के तरीके से खुश नहीं हैं।

दावा किया जा रहा है कि अजित के निधन के कारण उपजी सहानुभूति तथा शरद पवार के हाथ में कमान जाने के डर से पार्टी के बड़े नेताओं ने सुनेत्रा को उपमुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष तो बना दिया है लेकिन उन्हें या उनके दोनों बेटों को कुछ कहने या करने नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से डीसीएम सुनेत्रा विमान हादसे को लेकर धर्मसंकट में फंस गई हैं।

इस बीच सोमवार को प्रस्तावित जय पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द किए जाने की वजह से सुनेत्रा और उनके पुत्रों को बोलने से रोके जाने की अटकलों को बल मिला है। अजित पवार की विमान हादसे में अप्रत्याशित निधन की घटना को 40 दिन हो गए हैं। शरद पवार की राकां के विधायक रोहित पवार, विधायक अमोल मिटकरी, पूर्व मंत्री महादेव जानकर सहित सत्ता और विपक्ष के कई अन्य नेता भी साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग करते रहे हैं।

लेकिन अजित के निधन के तीसरे ही दिन उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने तथा पूरे मामले में ज्यादातर चुप्पी साधने की वजह से लोग सुनेत्रा पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन सूत्रों का दावा है कि मामले में सुनेत्रा कहना तो बहुत कुछ चाहती हैं लेकिन पार्टी और महायुति के कुछ बड़े नेता दबाव बनाकर सुनेत्रा को बोलने नहीं दे रहे हैं। हालांकि सुनेत्रा पहले ही मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर चुकी हैं।

VSR पर रखना चाह रहे थे अपनी बात

राकां (अजित पवार) के युवा नेता और अजित के पुत्र जय पवार की सोमवार (9 मार्च) को प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस अनिवार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।

दावा किया जा रहा है कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस वीएसआर एयर कंपनी को लेकर होने वाली थी क्योंकि जय पवार ने करीब सप्ताह भर पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वीएसआर कंपनी के मालिक रोहित पायलट सीट पर सोते नजर आए थे।

जय ने इसे "अत्यंत गंभीर और चौंकाने वाला" बताते हुए डीजीसीए से जांच पूरी होने तक वीएसआर की सभी उड़ानें तत्काल रोकने और रोहित सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की थी। बारामती विमान हादसे में वीएसआर कंपनी पर खुलासे का इंतजार कर रहे लोगों को विश्वास था कि पिता के निधन के बाद मीडिया के सामने जय कुछ सनसनीखेज खुलासा कर सकते हैं लेकिन उनकी टीम ने कहा है प्रेस कॉन्फ्रेंस की नई तारीख की जानकारी जल्द दी जाएगी।

तटकरे के विरोध में इस्तीफों की झड़ी

दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राकां में इन दिनों भारी उथल-पुथल मची हुई है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे की कार्यशैली से नाराज होकर एक के बाद एक कई वरिष्ठ पदाधिकारी इस्तीफा दे रहे हैं। इन इस्तीफों ने पार्टी के भीतर के अंतर्कलह को पूरी तरह उजागर कर दिया है और महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।

ताजा घटनाक्रम में महानगरपालिका कर्मचारी संगठन के प्रदेशाध्यक्ष गौतम खरात ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। खरात ने सुनील तटकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में केवल चुनिंदा लोगों और उनके रिश्तेदारों को ही सम्मान और पद दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है और प्रदेश स्तर से कोई अपेक्षित सहयोग या मार्गदर्शन नहीं मिल रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com