

Highlights:
नागपुर के लोधीपुरा स्थित सीए रोड पर गीतांजलि टॉकीज के पास अल कौसर रेफ्रिजरेटर दुकान में रविवार सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी।
आग की लपटें दुकान से फैलकर पास के दो घरों तक पहुंच गईं, जिससे घरेलू सामान और फर्नीचर को नुकसान हुआ।
सिविल फायर स्टेशन समेत पांच अन्य दमकल केंद्रों से वाहन मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
Nagpur CA Road Fire: नागपुर के लोधीपुरा में मौजूद एक रेफ्रिजरेटर की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से फैलीं और आसपास के घरों तक पहुंच गईं। आनन-फानन में लोगों ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहनों को तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल जवानों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग के कारण संबंधित दुकान और आसपास के घरों का सामान जलकर खाक हो गया।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार लोधिपुरा, सीए रोड पर गीतांजलि टॉकीज के पास अल कौसर रेफ्रिजरेटर नामक दुकान मौजूद है। दुकान के मालिक मोहम्मद अश्फाक, मोहम्मद अतीक और अब्दुल लतीक अंसारी हैं। रविवार की सुबह करीब 8.30 बजे दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग भड़क गई।
दुकान में फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन समेत अन्य सामान रखा हुआ था। आग तेजी से फैली और कुछ ही देर में दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की विशाल लपटें दूर से नजर आ रही थीं। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के समीप मौजूद 2 घरों तक पहुंच गई। तेजी से फैलती आग के कारण इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिविल फायर स्टेशन, लकड़गंज, वाठोड़ा, सक्करदरा और सुगतनगर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। एक के बाद एक कुल 6 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
करीब 3 घंटों से अधिक समय तक चली कड़ी मशक्कत के बाद दमकल जवानों ने आग पर काबू पाया। आग के कारण दुकान में रखा फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन समेत अन्य सामान राख हो गया। वहीं पड़ोस के घरों तक लपटें पहुंचने से घरों का बेड, चेयर, फर्नीचर, एसी, तिरपाल समेत अन्य सामान को नुकसान हुआ।
सूत्रों ने बताया कि घटना के वक्त दुकान के आसपास सड़कों पर काफी अतिक्रमण था। इस कारण दमकल विभाग के जवानों को आग पर काबू पाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, अतिक्रमण के कारण आग बुझाने में हुई देरी के चलते काफी नुकसान हुआ। यदि अतिक्रमण नहीं होता तो आग पर जल्दी काबू पाना संभव था। ऐसे में काफी हद तक नुकसान को टाला जा सकता था।