नागपुर मनपा चुनाव: लकड़गंज जोन के चार प्रभागों में BJP की बड़ी जीत

Lakadganj Zone BJP Victory: नागपुर महानगरपालिका चुनाव की मतगणना में लकड़गंज जोन के चार प्रभागों में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कुछ स्थानों पर हंगामा भी हुआ।
Nagpur Ward Results
Lakadganj Zone BJP Victory:नागपुर महानगरपालिका चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Municipal Election Results: महानगरपालिका चुनाव के लिए हुई मतगणना में लकड़गंज जोन के अंतर्गत आने वाले प्रभाग क्रमांक 4, 23, 24 और 25 में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। मतगणना की शुरुआत से ही भाजपा उम्मीदवार चारों प्रभागों में बढ़त बनाए हुए थे। दोपहर तीन बजे के बाद स्थिति स्पष्ट होने लगी और शाम चार बजे तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर और डीजे की धुन पर नाचते हुए खुशी जाहिर की।

लकड़गंज जोन के अंतर्गत विनायकराव देशमुख हाईस्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर मतगणना निर्धारित समय पर शुरू हुई। पहले बैलेट पेपर से डाले गए मतों की गणना की गई, इसके बाद ईवीएम से मतदान की गिनती शुरू की गई। प्रभाग क्रमांक 25 में कांग्रेस ने पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम हजारे का टिकट काटकर अन्य उम्मीदवार को मैदान में उतारा, जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा और कांग्रेस यहां खाता भी नहीं खोल सकी। वहीं भाजपा उम्मीदवार बाल्या बोरकर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के दुनेश्वर पेठे को पराजय का सामना करना पड़ा।

दुनेश्वर पेठे को अपेक्षानुरूप मत नहीं मिले

प्रभाग क्रमांक 4 में भाजपा की निरंजना पाटिल, शेषराव गोतमारे, मनीषा अतकरे और रामदास साहू ने जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने राजकुमार सेलोकर का टिकट काटकर रामदास साहू को उम्मीदवार बनाया था, और इसके बावजूद पार्टी ने जीत हासिल की। प्रभाग क्रमांक 23 में बालू रारोकर, अर्चना पडोले, संतोष लड्ढा और बाल्या बोरकर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार तीसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि दुनेश्वर पेठे को अपेक्षानुरूप मत नहीं मिले।

भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की

प्रभाग क्रमांक 24 में दुर्गेश्वरी कोसेकर, प्रदीप पोहाणे और सरिता कावरे पहले ही राउंड से आगे चल रहे थे। हालांकि, भाजपा के अरुण हारोडे और शिंदे गुट के जगतराम सिन्हा के बीच दसवें राउंड तक कांटे की टक्कर रही। अंततः अरुण हारोडे ने जीत दर्ज की। कांग्रेस के चिंटू महाराज सहित अन्य उम्मीदवारों को यहां हार का सामना करना पड़ा। प्रभाग क्रमांक 25 में शीतल रारोकर, राजेश्वर श्रीपत दिवटे, माहेश्वरी बिसेन और दीपक वाडीभस्मे ने जीत हासिल की। यहां कांग्रेस के श्रीकांत कैकाडे और भाजपा के दिवटे के बीच सीधा मुकाबला था, लेकिन अंतिम चरणों में भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। प्रभाग 25 के उम्मीदवार गुड्डू रहांगडाले और श्रीकांत कैकाडे ने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पुनर्मतगणना की मांग की। इसके बाद कराई गई रिकाउंटिंग में आंकड़े समान पाए गए, जिसके आधार पर भाजपा उम्मीदवारों को विजयी घोषित किया गया।

ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप, कार्यकर्ताओं का हंगामा

मतगणना के दौरान ईवीएम मशीन में तारीख और मतों के योग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रभाग क्रमांक 23-डी से सर्वसाधारण गट के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार दुनेश्वर पेठे ने नाराजगी जताई। लकड़गंज जोन के मतगणना केंद्र में आठ राउंड पूरे होने के बाद एक मशीन में 15 जनवरी की बजाय 14 जनवरी की तारीख दिखाई देने का आरोप लगाया गया।

पार्टी प्रतिनिधियों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मतगणना केंद्र से बाहर निकलकर विरोध जताया। इसके अलावा, ईवीएम मशीन में दो से तीन बार तकनीकी खराबी आने की शिकायत भी चुनाव अधिकारियों से की गई। प्रभाग में 72 बूथ होने के बावजूद 76 ईवीएम मशीनें गिनती में शामिल किए जाने का आरोप लगाते हुए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com