

Highlights:
ओल्ड कामठी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी को कार में ले जाने का मामला सामने आया।
विजय विक्रम लक्षणे और करण संजू गटलेवार पर किशोरी को झांसा देकर ले जाने का आरोप।
पिता ने ऑटो से कार का पीछा किया, लेकिन आरोपी खलासी लाइन परिसर में भाग निकले।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के करीब डेढ़ दिन बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
Nagpur Kidnapping Case: ओल्ड कामठी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। झांसा देकर एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर एक 14 वर्षीय किशोरी का कार में अपहरण कर लिया, परिजनों ने कार का पीछा भी किया लेकिन वह भाग निकला। बाद में किशोरी खुद घर पहुंची। परिजनों ने प्रकरण की शिकायत पुलिस से की लेकिन शुरुआत से ही पुलिस पर ऐसा दबाव बनाया गया कि प्रकरण दर्ज करने में डेढ़ दिन लग गया, परिजनों का आरोप है कि अपहरण में इस्तेमाल किया गया वाहन पुलिस ने तुरंत ही छोड़ दिया।
आरोपी युवकों की गिरफ्तारी भी नहीं हुई। पूरा प्रकरण दबाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों में मछलीपुल, कामठी निवासी विजय विक्रम लक्षणे (21) और येरखेड़ा निवासी करण संजू गटलेवार (21) का समावेश है। पीड़ित किशोरी 8वीं कक्षा में पढ़ती है। पिता ऑटो चालक है। गुरुवार की रात 11।30 बजे पिता सवारी लेकर कामठी के मोटर स्टैंड चौक पर गए थे।
तभी उनके साले का फोन आया और किशोरी के बारे में पूछा। उन्हें बताया कि किशोरी एक कार में बैठकर जाती दिखाई दी। पिता तुरंत वहां पहुंचे और अपने ऑटो से कार का पीछा शुरू किया खलासी लाइन परिसर में कार चालक ऑटो को कट मारकर भाग निकला। कुछ समय बाद किशोरी घर पहुंची। पूछताछ करने पर उसने विजय और उसके साथी द्वारा ड्रैगन पैलेस की ओर ले जाने और वापस छोड़ने की जानकारी दी। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने रात में सीसीटीवी फुटेज की जांच नहीं हो सकती, कह कर उन्हें शुक्रवार की सुबह थाने में बुलाया। सुबह से रात हो गई, लेकिन जांच ही चलती रही, शनिवार को तड़के उन्हें एफआईआर की कॉपी दी गई। पीड़िता के नाना ने बताया कि शुरुआत से ही एक महिला प्रकरण में दबाव बनाने का प्रयास कर रहीं। थी। कार महिला की थी और आरोपी विजय उनका ड्राइवर है। पुलिस ने तुरंत ही वाहन छोड़ दिया था।
दोनों आरोपियों की पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया और बाद में छोड़ दिया गया। परिवार के पुरुष सदस्यों को मेडिकल के लिए साथ जाने से रोका गया। केवल किशोरी और उसकी मां को पुलिस अस्पताल ले गई, वहां पुलिस ने कागज पर लिखा कि उन्हें कोई मेडिकल जांच नहीं करानी है। मां-बेटी के हस्ताक्षर लेकर बिना जांच किए ही दोनों को लौटा दिया गया, किशोरी के जीवन से जुड़ा प्रश्न होने के बावजूद पुलिस प्रकरण को हल्के में ले रही है। महिला के दबाव में पूरे मामले की जांच की जा रही थी।