रफ्तार की सनक ने ली नागपुर के 2 युवा कबड्डी खिलाड़ियों की जान, प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया मौत का मंजर
Nagpur Road Accident: सिग्नल जम्प कर तेज रफ्तार बाइक दौड़ा रहे 2 युवा कबड्डी खिलाड़ियों की मौत। काचीपुरा में लोहे के पिलरों से टकराई बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर में हादसा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Kabaddi Players Death: नागपुर सिटी के काचीपुरा इलाके में सोमवार देर रात तेज रफ्तार की सनक ने 2 घरों के चिराग बुझा दिए। बजाजनगर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवा कबड्डी खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई।
घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मृतकों के नाम युग विशाल चनकापुरे (19) और उसका मित्र रुद्र शशिकांत सोमकुंवर (19) बताये गये हैं। दोनों रामदासपेठ निवासी थे और उभरते हुए कबड्डी खिलाड़ी थे।
बाइक पर नहीं थी नंबर प्लेट
प्राप्त के जानकारी अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 9.45 से 10.10 बजे के बीच दानापानी सावजी होटल के सामने, काचीपुरा चौक से बजाजनगर चौक की ओर जाने वाली रोड पर हुआ। युग और रूद्र बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की नई महंगी बाइक पर सवार होकर बेहद तेज गति से जा रहे थे।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में महंगाई की तपिश: अब चाय की चुस्की भी हुई महंगी, टपरियों पर 15 रूपए तक पहुंचा एक ग्लास का दाम
नागपुर घोगली में 6 महीने से अधूरा निर्माण कार्य बना आफत; आधी खुदी सड़क पर गड्ढों से बढ़ रही दुर्घटनाएं
अतिक्रमण के खिलाफ नागपुर मनपा सख्त: महल में हमेशा की तरह डटा रहा दस्ता, प्रतापनगर से 8 ठेले किए जब्त
जेजुरी-बेलसर सड़क हादसे के घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर, इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवारों ने पहले चौक पर रेड सिग्नल जम्प किया और उसी दौरान सड़क पार कर रही एक युवती को कट मार दिया। युवती की गाड़ी को हल्की टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण चालक संतुलन नहीं बना सका और बाइक सड़क किनारे लगे करीब 10 लोहे के पिलरों से जा भिड़ी।
यह भी पढ़ें – पुराना भंडारा रोड पर चला बुलडोजर, 8 जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ 40 इमारतें ढहाई; मचा हड़कंप
युग की मौके ही मौत, रुद्र ने हॉस्पिटल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई पिलर टेढ़े हो गए और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। हादसा इतना भयावह था कि युग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रुद्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
वहीं दुर्घटना में घायल युवती को हल्की चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। बजाजनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की है। महज कुछ सेकंड की लापरवाही ने 2 जिंदगियां छीन लीं और परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
