नागपुर में खौफनाक वारदात: 50 हजार के बदले चुकाए 90 हजार, फिर भी साहूकार ने मांगे पैसे तो उतारा मौत के घाट

Nagpur Murder News: नागपुर के जरीपटका में कर्ज के जाल और मानसिक प्रताड़ना ने एक ई-रिक्शा चालक को हत्यारा बना दिया। ब्याजखोरी से तंग आकर होटल संचालक की बेरहमी से हत्या कर शव नदी में फेंका।
Nagpur Murder News
प्रतीकात्मक तस्वीर (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के जरीपटका थाना क्षेत्र में एक होटल संचालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की वजह ब्याजखोरी और कर्ज के बदले मिलने वाली धमकियां बनीं।

क्या है मामला?

नागपुर के जरीपटका थाना क्षेत्र में हुई होटल संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि उधार ली गई रकम ब्याज सहित लौटाने के बाद भी साहूकार होटल संचालक रकम के लिए दबाव बना रहा था। धमकाता और विवाद करता था। इससे तंग आकर ई-रिक्शा चालक ने कुल्हाड़ी और रॉड से वार कर हत्या कर दी और बाद में शव को नारा नदी के पुल के नीचे फेंक दिया। पकड़ा गया आरोपी कोहिनूर सोसाइटी, नारा निवासी नवीन पंजाबराव पुंडकर (46) बताया गया। नागपुर जिले के झिंगाबाई टाकली निवासी राहुल सुनील शाहू (38) सदर के अचरज टावर में किराये पर हैप्पी स्टे नामक होटल चलाता था। इसके अलावा भीसी भी चलाता था और ब्याज पर लोगों को पैसा उधार देता था। वर्ष 2020 में नवीन ने उससे 50,000 रुपये उधार लिए थे। समय-समय पर नवीन ने राहुल को 90,000 रुपये लौटा दिए।

हर महीने पेनल्टी की वसूली

इसके बाद भी राहुल शाहू हर महीने पैसे की मांग करता था। उसका कहना था कि अब तक दी गई राशि केवल पेनल्टी थी। मुद्दल रकम अब भी बकाया है। इस बात पर वह हमेशा नवीन को धमकाता और गाली-गलौज करता था। बीते सोमवार को रात 8 बजे वह नवीन से पैसा लेने के लिए कामठी रोड के आंबेडकर अस्पताल के पास गया। यहां दोनों के बीच काफी बहस हुई। पैसे घर पर देता हूं, कहकर राहुल उसे अपने साथ घर पर ले गया।

कैसे दिया वारदात काे अंजाम ?

तबीयत खराब होने के कारण नवीन की पत्नी अपने 2 बच्चों के साथ मायके गई थी। वह घर पर अकेला था। घर पहुंचने पर नवीन भीतर के कमरे में गया और हाथ में कुल्हाड़ी व रॉड लेकर आया। उसने राहुल के सिर पर पहला वार कुल्हाड़ी से किया। जैसे ही वह बेहोश हुआ, नवीन ने रॉड से सिर के पिछले हिस्से में वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

लाश को आंगन में छोड़कर वह सवारी ढूंढने निकल गया। रात 11.30 बजे 2 बोरे लेकर घर लौटा। राहुल का शव बोरे में बांधकर अपने ई-रिक्शा से नारी नदी के पुल पर गया। वहां से लाश नीचे फेंककर फरार हो गया। जिन-जिन लोगों से राहुल के पैसे का व्यवहार था, उन सभी को जरीपटका पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया। कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड से नवीन और राहुल की मुलाकात होने का पता चला और हिरासत में लेने पर उसने हत्या को अंजाम देने की कबूली दी।

28 अप्रैल तक पुलिस हिरासत

गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे 28 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए। नागपुर पुलिस को संदेह है कि नवीन ने पूर्व नियोजित ढंग से वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में और कोई भी शामिल था या नहीं, इसकी जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com