Nagpur Hockey News: ऑरेंज सिटी के उभरते हॉकी खिलाड़ी यश बामनेल का चयन हॉकी महाराष्ट्र की सबजूनियर पुरुष टीम में हुआ है। वे 1 से 12 अप्रैल तक बिहार के राजगीर में आयोजित राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मदान गोपाल स्कूल के छात्र और अजनी हॉकी अकादमी के खिलाड़ी यश ने हाल ही में केशवराव मदने मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपनी टीम के लिए कई गोल दागे और बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता।
उनकी स्कूल टीम इस टूर्नामेंट की चैम्पियन भी रही। यश ने पुणे में हुए चयन ट्रायल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई। चयन के बाद उन्होंने 19 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया।
टीम 2 अप्रैल को पुणे से राजगीर के लिए रवाना होगी। टूर्नामेंट में हॉकी महाराष्ट्र को ग्रुप ए में पंजाब और चंडीगढ़ के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 5 अप्रैल को पंजाब के खिलाफ और दूसरा मैच 7 अप्रैल को चंडीगढ़ के खिलाफ खेलेगी।
पूर्व पार्षद किशोर जिचकार ने यश को संपूर्ण हॉकी किट और ट्रैकसूट प्रदान कर प्रोत्साहित किया। यश ने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों उमेश यादव, बबलू नेवारे, गौरव राऊत और सतीश फुलसुंगे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया है।
उनकी इस उपलब्धि पर खेल जगत के कई गणमान्य व्यक्तियों और नागपुर हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।