विदर्भ में 'आग' उगल रहा सूरज, नागपुर में पारा 44 पार, हीटवेव की चेतावनी के साथ स्कूलों में छुट्टी

Nagpur Heatwave Alert 2026: नागपुर सहित विदर्भ में भीषण गर्मी का प्रकोप, जिलाधिकारी ने 18 अप्रैल को स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए। पारा 45 डिग्री पार जाने की संभावना।
The Sun 'Spits Fire' in Vidarbha; Mercury Crosses 44°C in Nagpur; Schools Closed Amidst Heatwave Warning.
हीटवेव की प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Heatwave Alert News: विदर्भ क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। सूर्य के विकराल रूप के कारण नागपुर सहित पूरा संभाग तप रहा है। शुक्रवार को सिटी का तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.4 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने छात्र सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार (18 अप्रैल) को सभी स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

भीषण गर्मी: 10 वर्षों का टूटा रिकॉर्ड

आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल की गर्मी पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ रही है। 18 अप्रैल को तापमान 45 डिग्री तक पहुँचने की संभावना जताई गई है। पिछले 10 वर्षों के रुझान को देखें तो 2017 में तापमान 45.5 डिग्री तक पहुँचा था, और मौजूदा स्थिति उसी दिशा में बढ़ती दिख रही है। शुक्रवार को विदर्भ के अन्य शहरों की स्थिति भी चिंताजनक रही:

  • अकोला: 44.1°C
  • अमरावती: 44.4°C
  • वर्धा: 44.4°C
  • चंद्रपुर: 43.6°C

प्रशासन का एक्शन: स्कूल-कॉलेज और कोचिंग बंद

जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने भीषण हीटवेव (लू) की आशंका को देखते हुए जिले की सभी आंगनवाड़ी, प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल, कॉलेज और कोचिंग क्लासेस को 18 अप्रैल को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी पिएं।

45 के पार जा सकता है पारा

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। 19 अप्रैल को भी नागपुर में तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने के संकेत हैं। हालांकि, 20 से 23 अप्रैल के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन तब तक लू का असर बरकरार रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com