नागपुर अस्पताल में अव्यवस्था, तैयार शौचालय फिर भी बंद, जीएमसी में मरीजों की परेशानी

Nagpur GMC Hospital: नागपुर के जीएमसी अस्पताल में शौचालय तैयार होने के बावजूद शुरू नहीं। पार्किंग निर्माण के बीच मरीजों व परिजनों को भारी परेशानी, विभागों में जिम्मेदारी को लेकर विवाद।
Chaos at Nagpur Hospital: Toilets Ready but Still Closed; Patients Face Hardships at GMC.
नागपुर जीएमसी अस्पताल,(प्रतिकात्मक तस्वीर, सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Toilet Facility Issue: नागपुर शहर में इन दिनों शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व अस्पताल में विविध तरह के विकास कार्य चल रहे हैं। इन विकास कार्यों के लिए न केवल पेड़ों की कटाई की गई, बल्कि कुछ इमारतों को भी गिराया गया। इनमें ओपीडी के सामने बना शौचालय और कुछ मेडिकल स्टोर्स भी थे। इस जगह पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जा रही है।

दो शौचालय भी इसी परिसर में बनाये गये हैं। शौचालय बनकर तैयार हो गये हैं, लेकिन उन्हें शुरू नहीं किया जा रहा है। इससे परिजनों सहित मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भटकना पड़ रहा है।

ओपीडी के सामने पहले शौचालय हुआ करता था। यह शौचालय मरीजों सहित परिजनों के लिए उपयोग में आता था लेकिन इस जगह पर मल्टी पार्किंग बनाई जा रही है। करीब वर्षभर से शौचालय की सुविधा नहीं है। सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग ने पार्किंग इमारत के पास ही नया शौचालय बनाकर दिया है।

दूसरा शौचालय नेत्र विभाग के पास बनाया गया है। दोनों शौचालय बनकर तैयार हो गये हैं लेकिन शुरू नहीं किये गये। इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग का कहना है कि करीब महीनाभर पहले ही मेडिकल प्रशासन को शौचालय तैयार कर हस्तांतरित्त कर दिया गया है जबकि प्रशासन का कहना है कि हस्तांतरित नहीं हुये हैं।

OPD में बढ़ीं दिक्कतें

मेडिकल की ओपीडी में हर दिन करीच 2500-3000 मरीज जांच के लिए आते हैं। हर मरीज के साथ एक या दो परिजन साथ रहते हैं। ओपीडी में आने वालों के लिए पृथक शौचालय की व्यवस्था नहीं है। जो हैं, उनमें जगह कम पड़ती है। यही वजह है कि भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखकर दो शौचालय बनाए गये।

दोनों का काम भी पूरा हो गया है। लेकिन उन्हें खोलने में देरी की जा रही है। इससे परिजनों सहित मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। इस संबंध में अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा हस्तांतरण नहीं किया गया है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसी सप्ताह शौचालय मरीजों-परिजनों के लिए खोल दिये जाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com