

Amphetamine Seized Nagpur: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) नागपुर क्षेत्रीय इकाई (मुंबई जोन) ने क्षेत्र में 2 बड़ी खुफिया आधारित कार्रवाइयों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। डीआरआई ने महज 3 दिनों के भीतर एक अंतर-राज्यीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट और एक अवैध वन्यजीव तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
27 सितंबर को हुई पहली कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ, मध्य रेलवे) की मदद से नागपुर रेलवे स्टेशन पर हजरत निजामुद्दीन-केएसआर बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक भारतीय महिला को हिरासत में लिया। महिला के सामान की गहन तलाशी लेने पर उसके सूटकेस के अंदरूनी कपड़े के अस्तर के पीछे गत्ते का एक गुप्त बॉक्स बना हुआ मिला। अधिकारियों को नीले रंग के कार्बन पेपर में लिपटे 2 पैकेट मिले जिनकी फील्ड ड्रग टेस्टिंग किट से जांच करने पर 'एम्फेटेमाइन' होने की पुष्टि हुई।
अधिकारियों ने कुल 1.312 किलोग्राम एम्फेटेमाइन जब्त किया जिसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 1.05 करोड रुपए है। आरोपी महिला यात्री को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर उसी दिन अवकाशकालीन अदालत के समक्ष पेश किया गया।
29 सितंबर को चलाए गए दूसरे अभियान में डीआरआई नागपुर की टीम ने गोंदिया जिले के पुराड़ा गांव के पास अवैध वन्यजीव तस्करी में लिप्त एक सिंडिकेट को रोका। अधिकारियों ने एक तेंदुए की खाल बरामद की और इस अवैध व्यापार में शामिल 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। चूंकि तेंदुआ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत सूचीबद्ध संरक्षित जीव है, इसलिए बरामद खाल और दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन परिक्षेत्र अधिकारी को सौंप दिया गया।
डीआरआई द्वारा देशभर में लगातार वन्यजीव संरक्षण के तहत बड़ी कार्रवाइयां की जा रही है। इससे पहले भी डीआरआई ने उज्जैन में तेंदुए की खाल, सिवनी में बाघ की हड्डियां, पिलेरू व जगदलपुर में पैंगोलिन के शल्क और मैसूर में हाथी दांत जब्त करने में सफलता हासिल की थी।