नागपुर जिला अस्पताल ने रचा इतिहास, महज 8 महीनों में 1 लाख मरीजों का इलाज; जानें क्या हैं नई सुविधाएं
Nagpur District Hospital News: महंगी स्वास्थ्य सेवाओं के बीच नागपुर जिला अस्पताल भरोसे का केंद्र बनकर उभरा है। 8 माह में 1 लाख OPD मरीजों का आंकड़ा पार कर अस्पताल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
- Written By: आकाश मसने
नागपुर जिला अस्पताल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur District Hospital OPD Record: महंगी होतीं स्वास्थ्य सेवाओं का ही नतीजा है कि निर्धन, जरूरतमंदों का शासकीय अस्पतालों के प्रति विश्वास कम नहीं हुआ है। नागपुर में मेडिकल, मेयो, एम्स सहित अन्य शासकीय अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इस मामले में जिला अस्पताल ने भी एक नया रिकॉर्ड बना लिया। महज 8 महीने के भीतर 1 लाख मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया।
नागपुर के मानकापुर स्थित जिला अस्पताल में 21 जुलाई 2025 से ओपीडी की शुरूआत हुई। हालांकि पहले महीने में प्रतिसाद कम मिला लेकिन धीरे-धीरे मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। जुलाई से लेकर मार्च 2026 तक अस्पताल में 99,088 मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया। वहीं आईपीडी में 691 मरीज भर्ती हुए, जबकि अप्रैल महीने में अब तक करीब 4,000 मरीज पहुंचे हैं। वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी औसतन 1,000 तक पहुंच गई है। यानी महज 8 महीनों के भीतर ही जिला अस्पताल ने एक रिकॉर्ड ही बना लिया है।
नागपुर जिला अस्पताल भले ही सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आता हो लेकिन इलाज के लिए आने वाले मरीजों में शहरी मरीजों की ही संख्या सर्वाधिक है। करीब 10-15 फीसदी मरीज ही ग्रामीण भागों से आ रहे हैं, जबकि शहरी भागों में झिंगाबाई टाकली, जाफरनगर, मानकापुर क्षेत्र के सबसे अधिक मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी; 5 साल में खोजे गए 1,155 लापता बच्चे, ऑपरेशन मुस्कान से लौटी घरों में रौनक
बेटे के सामने बुजुर्ग पिता को खींच ले गया बाघ, भंडारा के तुमसर वन क्षेत्र में हुई खौफनाक घटना, मुआवजे की मांग
CM फडणवीस ने कहा -138 फास्ट ट्रैक कोर्ट में सिर्फ 58 ही शुरू, जजों की नियुक्ति के लिए हाईकोर्ट से संपर्क जारी
सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के लिए रेलवे की महा-तैयारी! नासिक क्षेत्र के 5 प्रमुख स्टेशनों का होगा कायाकल्प
जल्द ही एमआरआई, सिटी स्कैन
नागपुर जिला अस्पताल में 24 घंटे सुविधा मिल रही है। यही वजह है कि इमरजेंसी में भी मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। प्रशासन ने एमआरआई मशीन, सिटी स्कैन मशीन के लिए प्रशासकीय मान्यता दे दी है। इससे भविष्य में मरीजों की संख्या और बढ़ेगी। फिलहाल अस्पताल में एक्स-रे डिजिटल, 2 सोनोग्राफी और एक इको मशीन की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल को कार्डियोलॉजिस्ट मिलने से भी मरीजों को लाभ मिल रहा है। क्षेत्र सहित ग्रामीण भागों में रात के वक्त होने वाली दुर्घटनाओं में जख्मी भी अस्पताल में इलाज के लिए आ रहे हैं। नेत्र विभाग की सुविधा मिलने से हर दिन की ओपीडी 80-100 तक पहुंच गई है। वहीं हर दिन 5-10 ऑपरेशन भी हो रह हैं।
किस महने कितने मरीजों का हुआ इलाज
| महीना | ओपीडी | आईपीडी |
|---|---|---|
| जुलाई | 424 | 0 |
| अगस्त | 4,491 | 12 |
| सितंबर | 10,373 | 15 |
| अक्टूबर | 9,846 | 31 |
| नवंबर | 11,997 | 18 |
| दिसंबर | 13,843 | 58 |
| जनवरी | 15,724 | 309 |
| फरवरी | 16,876 | 132 |
| मार्च | 15,514 | 118 |
यह भी पढ़ें:- नागपुर में RSS मुख्यालय के पास मिले 15 जिलेटिन और 50 डिटोनेटर, पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील, मचा हड़कंप
क्या बोले अधिकारी?
जिला शल्य चिकित्सक डॉ. निवृति राठौड़ ने कहा कि जिला अस्पताल मरीजों के लिए मददगार बन रहा है। शासकीय स्तर पर उपलब्ध कराई गईं सुविधाओं का आधिकाधिक मरीज लाभ ले रहे हैं। भविष्य में कुछ और आधुनिक मशीनें मिलने वाली हैं। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इसके बाद मरीजों की संख्या में और वृद्धि होगी। इतने कम समय में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ना एक तरह से मरीजों का विश्वास ही है।
अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. अभय गुल्हाने ने बताया कि जिला शल्य चिकित्सक डॉ. निवृति राठौड़ के मार्गदर्शन में अस्पताल ने गति पकड़ ली है। 24 घंटे सुविधा मिलने से क्षेत्र की जनता को बड़ा सहारा मिल गया है। विविध तरह की टेस्ट की भी सुविधा उपलब्ध हुई है। जिस तरह से शहर का विस्तार हो रहा है उसी के मुताबिक शासकीय सेवाओं का विस्तार भी जनता के लिए सुविधाजनक बन रहा है।
– नवभारत लाइव के लिए नागपुर से दिनेश टेकाड़े के रिपोर्ट
