

Nagpur City Congress News: नागपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत नये शहर अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया 10 अप्रैल से शुरू हो रही है। 13 वर्षों के बाद कांग्रेस (Congress) को नया शहर अध्यक्ष मिलेगा। संगठनात्मक बदलाव भी देखने को मिलेगा। वर्तमान में विधायक विकास ठाकरे शहर अध्यक्ष हैं। इस पद के लिए पार्टी के लगभग दर्जनभर पदाधिकारी इच्छुक हैं।
सभी अपने-अपने तरीके से इसके लिए फिल्डिंग भी लगा रहे हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को बतौर राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नागपुर शहर की जिम्मेदारी पार्टी ने दी है। यादव 10 अप्रैल को आ रहे हैं जो अध्यक्ष पद के सभी इच्छुकों से ‘वन टू वन’ करेंगे।
प्रत्येक विधानसभा निहाय बैठकें व पदाधिकारियों से चर्चा का सिलसिला 15 अप्रैल तक चलेगा। फिर वे अपनी रिपोर्ट आलाकमान को भेजेंगे। रिपोर्ट के आधार पर ही शहर अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। यादव के साथ गोवा के प्रभारी माणिकराव ठाकरे, अशोक बोबडे, जिया पटेल भी रहेंगे।
विद्यमान अध्यक्ष विकास ठाकरे ने अपने कार्यकाल में पार्टी व संगठन को मजबूती प्रदान करने का उल्लेखनीय कार्य किया लेकिन अब वे नये व युवा कार्यकर्ता को अवसर देना चाहते हैं। वे अपने पद से 2-3 बार इस्तीफा भी दे चुके हैं लेकिन पार्टी ने उन पर ही जिम्मेदारी सौंपी। अब शहर अध्यक्ष के लिए उनके गुट के ही किसी चेहरे के सामने आने के कयास लग रहे हैं।
विशाल मुत्तेमवार, विधायक अभिजीत वंजारी के नाम के साथ अतुल कोटेचा, गिरीश पांडव, अशोक धवड़, रमन पैगवार का नाम चल रहा था। उसमें 3-4 नाम और जुड़ गए हैं। उत्तर नागपुर से पूर्व मंत्री नितिन राऊत के करीबी सुरेश जग्यासी का नाम भी इसमें शामिल हो गया है।
कहा जा रहा है कि उत्तर नागपुर के गढ़ को और मजबूत बनाए रखने के लिए इस बार इस विधानसभा क्षेत्र से शहर अध्यक्ष दिया जा सकता है। वहीं वर्ष 1978 से युकां से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले पूर्व शहर कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष खोडे भी इस कतार में शामिल हो गए हैं। वे पार्टी के लिए विविध पदों पर कार्य कर चुके हैं।