बेसा से लापता हुए सांसद श्याम बर्वे, बुनियादी सुविधाओं का टोटा! जनता में आक्रोश, लगाएंगे लापता सांसद का तख्ता

Nagpur Besa Civic Outrage: बेसा-बेलतरोड़ी में सड़क,पानी, बिजली की समस्याओं से नागरिक परेशान हैं। सांसद श्याम बर्वे के क्षेत्र में न आने के आरोप में लोग लापता सांसद का तख्ता लगाने की तैयारी में हैं।
Nagpur Protest Missing MP Shyam Kumar Barve
सांसद श्याम कुमार बर्वेसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • नागपुर ग्रामीण के बेसा-बेलतरोड़ी में सांसद के खिलाफ लापता सांसद तख्ता लगाने की चर्चा।

  • सड़क, पानी, बिजली, पार्क और सार्वजनिक शौचालयों की कमी से नागरिक परेशान।

  • तैयार श्मशान भूमि बंद होने और सांसद निधि से काम नहीं होने का दावा।

Nagpur Protest Missing MP Shyam Kumar Barve: नागपुर ग्रामीण के बेसा-बेलतरोड़ी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सांसद श्यामकुमार बर्वे क्षेत्र का दौरा नहीं करते। इसी नाराजगी के चलते लोग इलाके में ‘लापता सांसद’ का तख्ता लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

‘लापता सांसद’ का तख्ता लगाने की तैयारी

नागपुर, तेजी से विकसित हो रहे बेसा-बेलतरोड़ी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नागरिकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में शहरीकरण और रियल एस्टेट का विस्तार तो तेजी से हुआ, लेकिन सड़क, पानी, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाएं आबादी के अनुपात में विकसित नहीं हो सकीं।

नागरिकों की नाराजगी अब क्षेत्र के सांसद श्यामकुमार बर्वे को लेकर भी सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि सांसद क्षेत्र में दिखाई नहीं देते और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए कोई नियमित व्यवस्था भी नजर नहीं आती। इसी विरोध को जताने के लिए कुछ नागरिक इलाके में ‘लापता सांसद’ का तख्ता लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

सड़क से श्मशान तक सुविधाओं का अभाव

स्थानीय निवासियों के अनुसार, बेसा-बेलतरोड़ी और वर्धा रोड से सटे तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में आबादी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद सड़कें संकरी हैं और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात प्रभावित होता है। पानी और बिजली की आपूर्ति को लेकर भी शिकायतें हैं।

क्षेत्र में पार्कों की कमी और सार्वजनिक शौचालयों का अभाव नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लोगों का कहना है कि तैयार हो चुकी श्मशान भूमि भी अब तक ताले में बंद है। इससे अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक सुविधा के लिए भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

Nagpur Protest Missing MP Shyam Kumar Barve
छत्रपति संभाजीनगर में कलयुगी बेटे ने गला दबाकर की लकवाग्रस्त पिता की हत्या! खाने में नमक-मिर्च को लेकर विवाद

सांसद की सक्रियता पर उठ रहे सवाल

नागरिकों का आरोप है कि सांसद बर्वे ने क्षेत्र की समस्याओं को जानने के लिए नियमित दौरे नहीं किए। लोगों का कहना है कि उनसे संपर्क करना और स्थानीय मुद्दों को उनके सामने रखना आसान नहीं है। इससे पहले के सांसद के कार्यकाल में भी ऐसी ही स्थिति रहने की बात नागरिकों ने कही।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बेसा क्षेत्र के कामों के लिए उन्हें रामटेक तक जाना पड़ता है, जबकि नागपुर शहर के जनप्रतिनिधियों तक पहुंचना अपेक्षाकृत आसान है। इसी वजह से बेसा-बेलतरोड़ी को नागपुर महानगर क्षेत्र में शामिल करने की मांग भी उठ रही है।

Nagpur Protest Missing MP Shyam Kumar Barve
नासिक जिला न्यायालय परिसर में पत्नी को दिया तीन तलाक! कानून के बावजूद शहर में छठा मामला

सांसद निधि से काम नहीं होने का दावा

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि बेसा क्षेत्र में सांसद निधि से कोई काम नहीं हुआ है। यह भी कहा जा रहा है कि सांसद ने बेसा नगर पंचायत में करीब एक साल पहले एक-दो बैठकों में हिस्सा लिया था, लेकिन उसके बाद उनकी सक्रियता दिखाई नहीं दी।

सांसद कार्यालय से विकास कार्यों की सूची मांगे जाने के बावजूद जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने का दावा भी किया गया है। हालांकि, सांसद कार्यालय का विस्तृत पक्ष और क्षेत्र में उनके दौरे व सांसद निधि से हुए कार्यों का आधिकारिक ब्योरा सामने आना बाकी है।

नागरिकों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम चाहिए। यदि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन तेज हो सकता है।

नवभारत लाइव के लिए नागपुर से नीरज नंदन की ख़बर