नागपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संकट, 1 जून से कई उड़ानें होंगी बंद; क्या पश्चिम एशिया का तनाव बना मुख्य कारण?

Middle East Crisis Impact: नागपुर एयरपोर्ट से 1 जून से कई उड़ानें रद्द हो रही हैं। पश्चिम एशिया संकट और ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण एयर इंडिया और इंडिगो ने उड़ानें कम की हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Flight Crisis at Nagpur Airport: Several Flights to be Suspended from June 1; Is West Asia Tension the Primary Cause?
नागपुर एयरपोर्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Airport Flight Cancellations: उपराजधानी नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा नागपुर एयरपोर्ट के GMR प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिलने के कुछ ही दिनों बाद, यहाँ से संचालित होने वाली प्रमुख एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों में भारी कटौती शुरू कर दी है। 1 जून से कई महत्वपूर्ण शहरों के लिए उड़ानें निलंबित या रद्द होने जा रही हैं।

ईंधन की बढ़ती कीमतें और पश्चिम एशिया का संकट

नागपुर से उड़ानों के रद्द होने के पीछे ऑपरेशनल बाधाओं का हवाला दिया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तनाव एक बड़ा कारण है। युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में भारी उछाल आया है। ईंधन की बढ़ती लागत ने एयरलाइंस के मुनाफे पर असर डाला है। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय रूट बदले गए हैं या एयरस्पेस पर पाबंदियां लगी हैं। इससे विमानों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे ईंधन की खपत और ऑपरेशनल लागत दोनों बढ़ गई हैं। यही कारण है कि एयरलाइंस अब कम मुनाफे वाले घरेलू रूटों पर उड़ानों की संख्या घटा रही हैं।

कौन-कौन सी उड़ानें होंगी प्रभावित?

1 जून से अगस्त के बीच नागपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों के लिए कनेक्टिविटी कम हो जाएगी:

  • एयर इंडिया (Air India): मुंबई-नागपुर (AI-2581/82) और शाम की सेवा (AI-2583/84) 1 जून से 1 अगस्त तक पूरी तरह निलंबित रहेगी। दिल्ली-नागपुर (AI-415/16) की दैनिक उड़ानें जुलाई महीने में संचालित नहीं होंगी।
  • इंडिगो (IndiGo): 16 जून से बेंगलुरु-नागपुर, कोलकाता-नागपुर और हैदराबाद-नागपुर की कुछ सेवाएं बंद हो जाएंगी। अहमदाबाद की उड़ान अब हफ्ते में केवल 4 दिन और इंदौर की उड़ान 5 दिन संचालित होगी। गोवा की फ्लाइट बुधवार को उपलब्ध नहीं रहेगी।

किराए में उछाल की आशंका

समर वेकेशन और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान उड़ानों की संख्या कम होने से डिमांड और सप्लाई का संतुलन बिगड़ना तय है। जानकारों का कहना है कि सीटों की संख्या कम होने से टिकट की कीमतों में 30% से 50% तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। नागपुर से मुंबई या दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब अंतिम समय में टिकट मिलना न केवल मुश्किल होगा, बल्कि यह काफी महंगा भी पड़ेगा।

एयरलाइंस द्वारा दिये गए आश्वासन

एयरलाइंस ने इस कटौती के लिए बढ़ती लागत और परिचालन संबंधी सीमाओं को जिम्मेदार ठहराया है। प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की पेशकश, कॉम्प्लिमेंट्री डेट चेंज या पूर्ण रिफंड देने का आश्वासन दिया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com