नागपुर: ‘मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव’ को जन आंदोलन बनाएं; स्वास्थ्य मंत्री आबिटकर का एम्स में आह्वान
नागपुर के एम्स में आयोजित विभागीय कार्यशाला में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने 'मेरा गाँव, स्वास्थ्य संपन्न गाँव' अभियान का शुभारंभ किया।
Nagpur National Health Mission: राज्य के स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और गांव स्तर तक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आम जनता के लिए चल रहीं महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
इन योजनाओं को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी को एक आंदोलन का रूप देना जरूरी है। स्वास्थ्य तंत्र और जनसहभागिता के माध्यम से एक सशक्त और निरोगी महाराष्ट्र का निर्माण करें, ऐसा आह्वान सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने किया। वे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के सभागृह में आयोजित मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव विभागीय कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
इस अवसर पर वित्त एवं नियोजन राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ. निपुण विनायक, सचिव ई. रविंद्रन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान की आयुक्त डॉ. कादंबरी बलकवडे, स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. विजय कांदेवाड सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। व्यापक जन आंदोलन बनाएं मंत्री आबिटकर ने कहा कि मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक व्यापक जन आंदोलन बनना चाहिए। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य भर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
सम्बंधित ख़बरें
नांदगांव से नागपुर आया था परिवार, ग्रीन जिम की फिसलनपट्टी बनी काल; मासूम लक्की की मौत से हड़कंप
जालना मनपा आयुक्त अंजलि शर्मा ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण; कहा- मरीजों को न हो कोई असुविधा
शेयर बाजार में मुनाफे का लालच पड़ा भारी, नागपुर हाई कोर्ट पहुंचा 19 लाख का विवाद; याचिका खारिज
शौक पूरे करने हेतु करते थे चोरी, नागपुर में 2 नाबालिग वाहन चोर गिरफ्तार, CCTV फुटेज से खुला राज; 5 बाइक बरामद
इस अभियान में उपचार की अपेक्षा रोगों की रोकथाम, ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक व्यवहार में परिवर्तन तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने सभी से जनभागीदारी के माध्यम से गांवों को स्वस्थ संपन्न बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्थानीय स्वराज्य संस्थाएं, जिला व तालुका प्रशासन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, स्वास्थ्य सेवकसेविकाएं, आशा कार्यकर्ता और ग्रामवासी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
एकीकृत कार्यप्रणाली और पारदर्शी मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को स्वास्थ्य संपन्न ग्राम के रूप में सम्मानित किया जाएगा और प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए जाएंगे। स्कूल स्तर पर स्वास्थ्य शिक्षा शामिल हो राज्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी उपक्रमों को लागू करना अत्यंत आवश्यक था, जिसके तहत यह अभियान शुरू किया गया है।
स्कूल स्तर पर स्वास्थ्य शिक्षा को शामिल करना चाहिए और प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझकर स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा। स्वच्छता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने सभी से जिम्मेदार नागरिक के रूप में कार्य करने की अपील की। प्रधान सचिव विनायक ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रमशः विनायक महामुनि और मुरुंगनाथम एम. ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में मंत्री आबिटकर के हाथों मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव अभियान गीत का लोकार्पण भी किया गया। कार्यशाला में नागपुर एवं अमरावती संभाग के जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सरपंच, स्वास्थ्य उपसंचालक, जिला शल्य चिकित्सक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिकारीकर्मचारी उपस्थित थे।
