Nagpur Ahmedabad New Train: नागपुर से अहमदाबाद के बीच रतलाम होकर नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग तेज होने लगी है। यात्रियों और व्यापारिक संगठनों का कहना है कि यदि यह ट्रेन इटारसी, भोपाल, उज्जैन और नागदा होते हुए अहमदाबाद तक चलाई जाती है तो हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है। साथ ही यह रूट व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संपर्क को भी नई गति देगा।
वर्तमान में नागपुर से रतलाम के लिए कोई सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यात्रियों को उज्जैन या नागदा में ट्रेन बदलनी पड़ती है, जबकि कई यात्रियों को इंदौर तक बस से लंबा और थकाऊ सफर करना पड़ता है। इससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है।
फिलहाल नागपुर से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेनें भुसावल, जलगांव, सूरत, अंकलेश्वर, भरूच और वडोदरा होकर चलती हैं। इस वजह से अहमदाबाद के आगे के कई शहर सीधे तौर पर नागपुर से नहीं जुड़ पाते।
यदि नई ट्रेन उज्जैन और नागदा मार्ग से चलाई जाती है तो नागपुर के यात्री रतलाम, दाहोद, गोधरा, आनंद और नाडियाड जैसे महत्वपूर्ण शहरों से सीधे जुड़ सकेंगे। इस रूट का एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि यात्रियों को महाकाल की नगरी उज्जैन जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिल जाएगा। इसके अलावा इस मार्ग से जुड़े कई शहर व्यापारिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण हैं।
शहर के व्यापारी हरिभाई त्रिवेदी ने कहा कि इस रूट पर कम से कम एक ट्रेन अब समय की मांग बन चुकी है। नागपुर से अहमदाबाद के लिए नया मार्ग मिलने से व्यापार और व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि नागदा से अहमदाबाद तक ट्रेन चलाना संभव नहीं है तो कम से कम रतलाम तक एक साप्ताहिक ट्रेन शुरू की जानी चाहिए, जिससे हजारों यात्रियों और शहर के व्यापारिक क्षेत्र को लाभ मिल सके।