बसों को लगेगा ब्रेक, अनिश्चितकालीन हड़ताल, परिवहन विभाग का कामकाज ठप

Nagpur Aapli Bus Strike: नागपुर में ‘आपली बस’ के कर्मचारी वेतन और सुविधाओं की मांग को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर होंगे। परिवहन विभाग ने नागरिकों से वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की।
बसों को लगेगा ब्रेक
बसों को लगेगा ब्रेक (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur News: नागपुर महानगर पालिका में ‘आपली बस’ का संचालन कर रही निजी कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को न्यायसंगत वेतन और निर्धारित लाभ का भुगतान नहीं किए जाने का मुद्दा अब गंभीर होता जा रहा है। जिस प्रकार शहर में कचरा संकलन करने वाली कंपनी की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली सामने आई थी, उसी तरह बीते कुछ दिनों से परिवहन विभाग के अंतर्गत संचालित कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी संदेह के बादल गहराए हैं।

हाल ही में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकां) की ओर से मनपा मुख्यालय पर आंदोलन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था। कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई थी।

नागरिकों को वैकल्पिक व्यवस्था की सलाह

अल्टीमेटम की अवधि समाप्त हो जाने के बाद अब सोमवार से ‘आपली बस’ के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने वाले हैं, ऐसी जानकारी सूत्रों ने दी है। मनपा परिवहन विभाग ने भी इसकी पुष्टि करते हुए नागरिकों से यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह जारी की है।

कंपनियों के हाथ की कठपुतली बना प्रशासन

राकां के शहर कार्याध्यक्ष व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कामगार एवं वाहतूक सेल के प्रतिनिधि श्रीकांत शिवणकर ने आरोप लगाया कि मनपा में निजी कंपनियों की मनमानी जारी है। उनके अनुसार, “कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित वेतन मिल रहा है या नहीं, इसका ध्यान नहीं रखा जा रहा है। अन्य सुविधाएँ भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कर्मचारियों को पूरी तरह कंपनियों के भरोसे छोड़ दिया गया है।

जबकि संचालन नियमों के अनुसार हो यह सुनिश्चित करना मनपा की जिम्मेदारी है। लेकिन मनपा खुद कंपनियों के हाथ की कठपुतली बन चुकी है। यहां तक कि परिवहन विभाग के कुछ कर्मचारी भी केवल कंपनी के हित साधने में लगे हैं। ऐसे में कर्मचारियों ने मजबूर होकर वैधानिक मांगों को लेकर हड़ताल का निर्णय लिया है।”

संचालन पूरी तरह ठप होने की संभावना

एक ओर जहां राकां कामगार एवं वाहतूक सेल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने पूरी तरह काम बंद करने का निर्णय लिया है, वहीं दूसरी ओर परिवहन विभाग ने अपने कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल न होने की सलाह जारी की है।

  • बहरहाल, कर्मचारियों द्वारा प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
  • सुबह 11:30 बजे मोरभवन बस स्टैंड से बाइक रैली निकलेगी
  • दोपहर 2 बजे मनपा आयुक्त कार्यालय में प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपा जाएगा
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com