नागपुर के गोलीबार चौक पर मनपा का 'बुल्डोजर एक्शन'; अतिक्रमणकारियों में मची भगदड़

Nagpur Encroachment Drive: नागपुर में मनपा ने गोलीबार चौक, गांधीबाग और इतवारी समेत कई इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान ठेले और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।
Nagpur Municipal Corporation's 'bulldozer action' at Golibar Chowk; panic ensues among encroachers.
नागपुर मनपा, अतिक्रमण हटाओ अभियान, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Municipal Corporation: नागपुर जिले में सोमवार को दोपहर में सिटी के अति व्यस्त इलाकों में से एक गोलीबार चौक पर उस समय अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई, जब मनपा के प्रवर्तन विभाग का दस्ता दलबल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंच गया। गोलीबार चौक से लेकर गांधीबाग समय और इतवारी में हर अतिक्रमणकारियों का डेरा लगा रहता है। दस्ते के पहुंचते ही इन अतिक्रमणकारियों में सामान बचाने के लिए भागम-भाग मच गई।

इसी बीच दस्ते ने कार्रवाई करते हुए जहां कई ठेले जब्त किए, वहीं सामान भी जब्त किया गया। गोलीबार चौक से होते हुए शिवाजी पुतला, राम कूलर परिसर, अशोक चौक, रेशमबाग चौक, मेहंदी लॉन परिसर और तुकड़ोजी पुतला तक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यहां सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जों को हटाने के साथ-साथ लगभग 2 ट्रक सामान भी जब्त किया गया। जब्त किए गए सामान में 9 ठेले, 4 लोहे के रैक और अन्य सामग्री शामिल हैं।

सीताबर्डी परिसर में पूरे दिन चला अभियान

सीताबर्डी इलाके में प्रवर्तन विभाग के दस्ते ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान सीताबर्डी मेन रोड से शुरू होकर वैरायटी चौक तक और फिर वहां से वापस सीताबर्डी मेन रोड तक पूरे दिन चलता रहा, जिसमें फुटपाथ और सड़क से अवैध दुकानों व ठेलों का सफाया किया गया। संपूर्ण अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई प्रवर्तन विभाग के उपायुक्त मंगेश खवले और सहायक आयुक्त संजय कांबले के मार्गदर्शन में अतिक्रमण दस्ते द्वारा पूरी की गई।

महल और बडकस चौक इलाके में संयुक्त कार्रवाई

महल क्षेत्र में 2 दस्तों ने मिलकर संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। इस दल ने महल चौक से बडकस चौक, शिवाजी पुतला, केलीबाग रोड, गडकरी वाडा परिसर और कल्याणेश्वर मंदिर परिसर तक कार्रवाई की और वापस महल व बडकस चौक तक पूरे दिन अतिक्रमण हटाया, इन मार्गों पर भी रास्तों और फुटपाथों पर लगीं अवैध दुकानों को हटाया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com