नागपुर-मुंबई हवाई सेवा पर भारी बारिश का ब्रेक; 3 उड़ानें रद्द, घंटों फंसे रहने के बाद विधायकों ने टाली यात्रा

Nagpur Mumbai Flights Delays: मुंबई में भारी बारिश से नागपुर-मुंबई उड़ानें प्रभावित रहीं। तीन फ्लाइट रद्द हुईं और कई घंटों की देरी के कारण मंत्री व विधायक मानसून सत्र के पहले दिन मुंबई नहीं पहुंच सके।
Heavy rain halts Nagpur-Mumbai air service; 3 flights cancelled, MLAs postpone travel after being stranded for hours.
नागपुर, मुंबई बारिश, उड़ान विलंब,प्रतीकात्मक तस्वीर (साेर्स: एआई फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Mumbai Rain Flight Delay:  नागपुर मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित होने से मुंबई-नागपुर-मुंबई आने-जाने वाली कई उड़ानें घंटों विलंबित रहीं, वहीं 3 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इसके कारण राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले समेत जिले के कई विधायक महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन मुंबई नहीं पहुंच सके।

एयरपोर्ट पर काफी देर फंसे रहने के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने अपनी यात्रा स्थगित कर मंगलवार को मुंबई रवाना होने का निर्णय लिया। पहले उड़ान का समय बदलकर सुबह 10:40 बजे किया गया, बाद में विमान करीब 11:45 बजे रवाना हो सका।

भाजपा विधायक मेघे के अनुसार उन्हें सुबह 10:10 बजे की इंडिगो उड़ान से मुंबई जाना था लेकिन संबंधित विमान मुंबई से ही नागपुर के लिए समय पर रवाना नहीं हो सके। घंटों इंतजार के बाद यात्रा स्थगित करनी पड़ी। अब वे मंगलवार को मुंबई जाएंगे।

वहीं भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने कहा कि मुंबई में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सोमवार को यात्रा करना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि मुंबई पहुंचने के बाद भी फंसने की आशंका थी, इसलिए सभी ने मंगलवार को रवाना होने का निर्णय लिया।

इंडिगो की उड़ानें रद्द, घंटों लेट

  • मुंबई में ऑपरेशनल और तकनीकी दिक्कतों के चलते इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई-नागपुर-मुंबई विमान सेवा (6ई-6802/5175) को पूरी तरह रद्द करना पड़ा। इसके अलावा, कई अन्य विमानों का शेड्यूल बुरी तरह बिगड़ गया।
  • मुंबई से सुबह 9:30 बजे नागपुर पहुंचने वाली फ्लाइट (64-6058/6145) सुबह 11:05 बजे तक भी नागपुर नहीं उतर सकी थी। इसी तरह सुबह 11:40 बजे आने वाली एक और उड़ान (6ई-2060/5344) भी मुंबई में ट्रैफिक जाम के कारण हवा में ही फंसी रही।
  • एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का लाइव स्टेटस चेक करने की सलाह दी है। इसी तरह पुणे से नागपुर, नागपुर से पुणे फ्लाइट को करीब 3 घंटे से अधिक विलंब से उड़ी। हैदराबाद की फ्लाइट को भी 2 से ढाई घंटे का विलंब हुआ।

सुबह 10:05 बजे होना या रवाना

बावनकुले, विधायक विकास ठाकरे, समीर मेघे, प्रवीण दटके तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. राजीव पोतदार सोमवार की सुबह 10:05 बजे मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट क्रमांक 62-6145 से रवाना होने वाले थे। सभी समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए लेकिन मुंबई से आने वाली उड़ानों में लगातार देरी होने के कारण यह उड़ान भी प्रभावित हुई।

ठाकरे ने जताई नाराजगी

विधायक विकास ठाकरे ने उड़ानों में हुई देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब मुंबई से विमान ही समय पर नहीं उड़ रहे थे, तब यह तय करना मुश्किल था कि नागपुर कब पहुंचेगे और यहां से मुंबई कब रवाना हो पाएंगे।

इसी वजह से यात्रा स्थगित करनी पड़ी। ठाकरे ने सरकार से मांग की कि इस असाधारण परिस्थिति को देखते हुए विधानमंडल के कामकाज की अवधि बढ़ाई जाए, ताकि सभी जनप्रतिनिधियों को सदन की कार्यवाही में भाग लेने का पर्याप्त अवसर मिल सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com