महिला सफाई कर्मचारी से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, मामला दर्ज होने पर भी आरोपी फरार; आंदोलन की चेतावनी
Nagpur Crime News: नागपुर के मोमिनपुरा में महिला सफाई कर्मी से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर 'भारत माता संगठन' ने तीव्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
- Written By: रूपम सिंह
महिला सफाई कर्मचारी से छेड़छाड़ (सोर्स - सोशल मीडिया)
Nagpur Mominpura Harassment Case: नागपुर शहर के मोमिनपुरा इलाके में एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार, अश्लील इशारे और उसकी अस्मिता के साथ छेड़छाड़ का एक बेहद गंभीर मामला उजागर हुआ। घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने और तहसील थाने में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
इस मामले में पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली को लेकर ‘भारत माता संगठन’ ने कड़ा रोष व्यक्त किया है और प्रशासन को बड़े पैमाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संदर्भ में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सफाई कर्मचारियों ने महापौर नीता ठाकरे से मुलाकात की, साथ ही विधायक प्रवीण दटके, पुलिस आयुक्त और तहसील थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया है।
पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित महिला सफाई कर्मचारी ने स्वयं संगठन कार्यालय पहुंचकर मदद की गुहार लगाई। पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि मोमिनपुरा इलाके में उसकी अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया गया और यह पहली बार नहीं है बल्कि ऐसा उसके साथ पहले भी हो चुका है।
सम्बंधित ख़बरें
अंबाझरी तालाब को जलकुंभी मुक्त करने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान, महापौर और मनपा आयुक्त ने किया निरीक्षण
नागपुर मेडिकल में नवीनीकरण का असर: गड़चिरोली की आदिवासी महिला भर्ती के लिए 3 दिन तक भटकी
जनगणना के 33 सवालों में ओबीसी कॉलम गायब होने पर राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ का आक्रोश, दिल्ली में आंदोलन की चेतावनी
नागपुर में महंगाई और ईंधन कीमतों के विरोध में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस का ‘सो जाओ आंदोलन’, सौंपा ज्ञापन
लगातार हो रहे इस दुव्र्व्यवहार से त्रस्त आकर उसने अब न्याय के लिए आवाज उठाई है। हैरानी की बात यह है कि तहसील पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह आरोपियों को भली-भांति जानती और पहचानती है, फिर भी पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार न करना कई सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें:- अंबाझरी तालाब को जलकुंभी मुक्त करने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान, महापौर और मनपा आयुक्त ने किया निरीक्षण
त्वरित कार्रवाई हो, वरना व्यापक आंदोलन
ज्ञापन में समाज में सफाई कर्मचारियों के योगदान को उजागर करते हुए कहा गया है कि यदि ये कर्मचारी काम करना बंद कर दें तो समाज में गंदगी और दुर्गंध के अलावा कुछ नहीं बचेगा। जिस तरह कोविड काल में डॉक्टरों और नागपुर पुलिस ने समाज की सेवा की और उन्हें ‘कोविड वीर’ की उपाधि दी गई उसी तरह सफाई कर्मचारियों के अमूल्य योगदान को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सभी संगठनों और पीड़ित कर्मचारियों को एकजुट कर एक ‘व्यापक आंदोलन’ छेड़ेंगे। इस संभावित आंदोलन और उससे बिगड़ने वाली कानून-व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस ज्ञापन की प्रति नागपुर के महापौर को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
