नागपुर: मोमिनपुरा में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, JCB पर चढ़े पार्षद वसीम खान हिरासत में; इलाके में तनाव की स्थिति

Nagpur Mominpura Encroachment Drive: नागपुर के मोमिनपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जमकर हंगामा हुआ। विरोध कर रहे पार्षद वसीम खान को पुलिस ने हिरासत में लिया।
Nagpur: Uproar over anti-encroachment drive in Mominpura; Corporator Waseem Khan, who climbed onto a JCB, detained; tension prevails in the area.
मोमिनपुरा अतिक्रमण कार्रवाई,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Anti Encroachment Protest: एक ओर जहां धरमपेठ जोन में सेमिनेरी हिल्स पर हुई कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध किया वहीं दूसरी और मोमिनपुरा में भी अतिक्रमण उन्मूलन कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा हुआ। यहां तक कि जेसीबी पर चढ़कर विरोध करने वाले पार्षद वसीम खान को पुलिस ने अंततः हिरासत में ले लिया।

जमकर हुए हंगामे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। नागपुर महानगरपालिका द्वारा प्रभाग 8 मोमिनपुरा क्षेत्र में चल रही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान स्थानीय पार्षद वसीम खान ने नागरिकों की दुकानों और रोजगार को लेकर कड़ा विरोध जताया। इस दौरान मौके पर काफी हंगामा हुआ जिसके बाद पुलिस ने पार्षद वसीम खान को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करें

पार्षद वसीम खान ने कहा कि वे विकास कार्यों के खिलाफ नहीं हैं लेकिन किसी भी गरीब और छोटे दुकानदार की दुकान हटाने से पहले प्रशासन को उनके पुनर्वास और पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिना उचित व्यवस्था के लोगों का रोजगार छीनना अन्याय है, वर्तमान में नागपुर महानगरपालिका केवल कुछ चुनिंदा इलाकों में कार्रवाई करते हुए छोटे और गरीब दुकानदारों (हॉकर्स) के खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है।

बड़े दुकानदारों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि मनपा के अतिक्रमण विभाग की भेदभावपूर्ण कार्रवाई को लेकर हाई कोर्ट द्वारा भी कड़ी टिप्पणी की गई है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की।

गरीबों के लिए जारी रहेगी लड़ाई

देर रात पुलिस द्वारा चेतावनी देकर वसीम खान को छोड़ दिया गया, साथ ही भविष्य में सरकारी कार्य में बाधा डालने पर कानूनी कार्रवाई और केस दर्ज करने की चेतावनी भी दी गई। पुलिस द्वारा भले ही चेतावनी दी गई हो किन्तु गरीथों के लिए उनके हितों में लड़ाई जारी रखने के संकेत पार्षद वसीम खान ने दिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com