साथ लड़ने की एकतरफा घोषणा, संजय राउत के बयान से मनसे कार्यकर्ताओं में मची खलबली, होगा बवाल!

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव के लिए संजय राउत ने ठाकरे बंधुओं के एक आने की एकतरफा घोषणा कर दी। इस घोषणा से मनसे कार्यकर्ताओं में खलबली मची हुई है।
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव के लिए संजय राउत ने ठाकरे बंधुओं के एक आने की एकतरफा घोषणा कर दी। इस घोषणा से मनसे कार्यकर्ताओं में खलबली मची हुई है।
संजय राउत और राज ठाकरे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur News: शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत द्वारा की गई ठाकरे बंधुओं के एक साथ नगर निगम चुनाव लड़ने की एकतरफा घोषणा ने एक बार फिर मनसे कार्यकर्ताओं में खलबली मचा दी है। आगामी चुनावों को लेकर बेचैनी का माहौल है। नागपुर में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस नीतिगत फैसले की घोषणा दोनों ठाकरे बंधुओं द्वारा ही की जाएगी।

ऐसे में फिलहाल साथ मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा का कोई आधार नहीं है। संजय राउत लगातार ठाकरे बंधुओं की एकजुटता की भूमिका का जिक्र कर रहे हैं। वर्तमान में मुंबई में बेस्ट परिवहन सोसाइटी का चुनाव है। इसमें शिवसेना का दबदबा है। इसमें भाजपा ने विधायक प्रसाद लाड और प्रवीण दरेकर को मैदान में उतारा है, इसलिए ठाकरे बंधु मिलकर यह चुनाव लड़ेंगे।

सुलह की तस्वीर साफ

इसी सुर में सुर मिलाते हुए संजय राउत दावा कर रहे हैं कि ठाकरे बंधु नगर निगम चुनाव में महायुति को ध्वस्त कर देंगे। मुंबई में दही-हांडी के मौके पर उद्धव ठाकरे की सेना और मनसे नेता एक साथ नजर आए। इससे दोनों के बीच सुलह की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। कहा जा रहा है कि ठाकरे सेना और मनसे इसी राह पर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि मनसे के पदाधिकारियों का कहना है कि यह एक रणनीतिक फैसला है और इस बारे में घोषणाएं और फैसले दोनों भाई मिलकर लेंगे।

केवल मतदाता सूची पर ध्यान

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के महासचिव हेमंत गडकरी ने कहा, "फिलहाल पार्टी की ओर से एकीकरण का कोई आदेश नहीं आया है। पार्टी के निर्देश केवल मतदाता सूची में व्याप्त गड़बड़ियों पर काम करने के हैं। पदाधिकारियों को गठबंधन पर कोई भी रुख अपनाने से मना किया गया है, इसलिए मनसे कार्यकर्ता ठाकरे गुट के नेताओं की बातों से प्रभावित नहीं होते। राज ठाकरे जो भी कहेंगे, हमारे लिए वही आदेश होगा।"

तुतारी छोड़ कांग्रेस का थामा हाथ

नागपुर में राष्ट्रवादी कांग्रेस शरद पवार पार्टी अल्पसंख्यक विभाग के नागपुर शहर अध्यक्ष रिजवान अंसारी ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष किशोर कन्हेरे, प्रवक्ता अतुल लोंढे, विधायक अमित देशमुख, हुसैन दलवई उपस्थित थे।

अंसारी ने पार्टी के आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसे ईमानदारी व मेहनत से पूरा करने का प्रयास करूंगा। उनके साथ मोहम्मद आसिम अंसारी, फरहा खान, वकार हनीफ, श्याम चौधरी, राजेश रंगारी, संतोष सिंह, शिव बेंडे, शहजाद खान, ज़फर अदीब हैदर सहित अनेक कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हो गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com