एमएच मोटर्स पर ठगी का एक और मामला, 13 पीड़ित सामने आए, 22.85 लाख की धोखाधड़ी

Vehicle Scam Case:नागपुर में एमएच मोटर्स पर एक और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। 13 पीड़ितों से 22.85 लाख रुपये की ठगी। आरोपियों ने कम दाम पर वाहन देने का झांसा दिया।
एमएच मोटर्स पर ठगी का एक और मामला
एमएच मोटर्स पर ठगी का एक और मामला (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Police: गंगाबाई घाट रोड स्थित एमएच मोटर्स के खिलाफ लकड़गंज पुलिस थाने में धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले संचालकों के खिलाफ 16 पीड़ितों से 30 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज हो चुका था। अब नए मामले में 13 और पीड़ित सामने आए हैं, जिनसे कुल 22.85 लाख रुपये की ठगी की गई।

यह शिकायत मस्कासाथ निवासी इरफान बंदूकिया (46) ने दर्ज कराई है। पुलिस ने जिन आरोपियों पर मामला दर्ज किया है, उनमें फिरोज हमीद खान पठान (35), निवासी सुभाषनगर वहीद आलम (35), निवासी हसनबाग मोहम्मद सरफराज मोहम्मद शकील (25), निवासी शहीदनगर, रनाला का समावेश है।

कैसे हुई ठगी?

अक्टूबर 2023 में इरफान को एक रेसिंग बाइक खरीदनी थी। एक परिचित ने उन्हें एमएच मोटर्स के बारे में बताया। कार्यालय पहुंचने पर आरोपियों ने बाजार भाव से काफी कम दाम पर बाइक उपलब्ध कराने का लालच दिया। उन्होंने 1 लाख रुपये के डाउन पेमेंट पर बाइक देने का वादा किया। इरफान ने तुरंत 50,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और शेष 50,000 रुपये नकद दिए। आरोपियों ने उनसे पैन कार्ड, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की प्रतियां लेकर बताया कि बची हुई राशि के लिए केवल 9 महीने तक 4,650 रुपये की किस्त बैंक में भरनी होगी।

लकड़गंज थाने में शिकायत दर्ज

इरफान ने सभी किस्तें जमा कर दीं, लेकिन बैंक से जानकारी मिली कि उनके ऊपर अभी भी बकाया राशि है और 36 किस्तें और भरनी होंगी। किस्तें न भरने पर वाहन जब्त करने की चेतावनी दी गई। मजबूरन इरफान को कुल 3.12 लाख रुपये अदा करने पड़े।

इसी तरीके से आरोपियों ने अन्य 12 लोगों से भी कम दाम पर वाहन देने का लालच देकर अग्रिम राशि ली, लेकिन बैंक में कम राशि जमा करवा कर बाकी रकम फाइनेंस करा दी। सभी 13 पीड़ितों ने लकड़गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पहले दर्ज मामले में पुलिस ने सरफराज को गिरफ्तार किया था। अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com