

Nagpur Metro Missing Child: मेट्रो स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारी केवल यात्रियों को सेवाएं प्रदान करने तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी तत्परता से कार्य करते हैं। ऐसी ही घटना में कर्मचारियों की सतर्कता से गुमशुदा 5 वर्षीय एक बालक अपने परिजनों तक पहुंच गया।
इसके अलावा एक नाबालिग बालिका को भी सुरक्षित रूप से उसके परिवार के सुपुर्द किया गया। साथ ही मेट्रो स्टेशनों के परिसर से 3 चोरी की दोपहिया वाहनों का भी पता लगाया गया। शाम लगभग 5:30 बजे नागपुर रेलवे मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर कार्यरत कर्मचारी अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे।
एक यात्री को टिकट देने के बाद लगभग 5 वर्षीय एक बालक अकेले टिकट काउंटर के सामने आया और उसने ट्रेन का टिकट मांगा। वह कुछ कहने का प्रयास कर रहा था लेकिन उसकी आवाज स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं दे रही थी। बालक के अकेले होने तथा उसके साथ कोई अभिभावक अथवा परिजन न होने की बात ध्यान में आते ही, साथ ही वह अत्यधिक मानसिक तनाव में दिखाई देने पर टिकट काउंटर के कर्मचारियों ने तत्काल उससे बातचीत करने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने उसके माता-पिता के संबंध में पूछताछ की लेकिन बालक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
इसके बाद संबंधित कर्मचारियों ने तत्काल आवश्यक जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों एवं सुरक्षा विभाग को दी। बालक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए गणेशपेठ पुलिस स्टेशन के सुपुर्द किया गया। इस बीच, जूनी मंगलवारी से एक बालक के गुम होने की शिकायत लकडगंज थाने में दर्ज कराई गई थी।
नागपुर मेट्रो स्टेशन पर मिले बालक का विवरण गुमशुदा बालक के विवरण से मेल खाने पर लकड़गंज पुलिस ने बालक को अपने संरक्षण में लिया। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात पुलिस अधिकारियों ने बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। इसी तरह एक अन्य 14 वर्षीय बालिका को भी सुरक्षित रूप से उसके परिवार तक पहुंचाया गया।