

मेडिकल कॉलेज के वार्ड नंबर 85 में कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कैंसर विभाग प्रमुख डॉ. अशोक दिवान ने आयोजन का उद्देश्य बताया।
बच्चों को फल, ड्राई फ्रूट्स, चिक्की, चॉकलेट और अन्य पौष्टिक सामग्री बांटी गई।
Cancer Ward Kids Diwali Nagpur: जिस उम्र में बच्चों के हाथों में खिलौने होने चाहिए उस उम्र में कुछ मासूमों के हाथों में दवाइयों की बोतलें और इलाज की फाइलें आ गई हैं। बचपन के भोले-भाले आनंद से दूर ये मासूम बच्चे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बड़े धैर्य और साहस के साथ लड़ रहे हैं।
इन्हीं बच्चों की जिंदगी में खुशी के कुछ पल रंगने और त्योहार का उत्साह जगाने के लिए मेडिकल कॉलेज के वार्ड नंबर 85 में 'दिवाली मिलन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संवेदनशील पहल से अस्पताल में भर्ती कैंसर पीड़ित बच्चों के चेहरों पर मुस्कान तैर गई।
मेयो अस्पताल के मौजूदा अधिष्ठाता एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गावंडे ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही बड़े-बड़ों के मन में डर बैठ जाता है। लेकिन इलाज की कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए भी इन मासूमों के चेहरे पर दिखने वाली निश्छल हंसी और जीने की जिद हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
कैंसर विभाग के प्रमुख डॉ. अशोक दिवान ने बताया कि आर्थिक तंगी का सामना करते हुए मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे बच्चों को त्योहारों के दिनों में अपनों का प्यार, दुलार और खुशी का एहसास कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नागपुर जिले में सामाजिक संस्थाओं, दानदाताओं और समाजसेवियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को ड्राई फ्रूट्स, एनर्जी पाउडर, चिक्की, चॉकलेट्स, टिफिन बॉक्स, ताजे फल, राजगिरा के लड्डू और खजूर जैसी पौष्टिक सामग्री व गिफ्ट्स बांटे गए।
अस्पताल के नीरस और तनावपूर्ण माहौल से हटकर कुछ पल खुशी के मिलने से बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए कार्यक्रम में सहयोगी प्राध्यापक विजय मोहबिया, प्रज्ञा ताजने, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण कांबले और कुमुदिनी कड़व विशेष रूप से उपस्थित रहे।