

MECL Executive Trainee Vacancy: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं और इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। भारत सरकार के खान मंत्रालय के अधीन कार्यरत मिनिरत्न CPSE 'मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड' (MECL) ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा के तहत एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती अभियान का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2024 के अंकों के आधार पर प्रतिभाशाली इंजीनियरों को अपने साथ जोड़ना है।
मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (MECL) द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 13 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल): 01 पद
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (मैकेनिकल - खरीद एवं अनुबंध विभाग): 05 पद
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (मैकेनिकल - भंडार एवं निपटान विभाग): 02 पद
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (मैकेनिकल - ड्रिलिंग विभाग): 05 पद
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एमईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और विषय के अनुसार, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग/मैकेनिकल इंजीनियरिंग या संबंधित में बीई/बीटेक या इसके बराबर की डिग्री कम से कम 60 प्रतिशत अंक के साथ होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/पूर्व-सैनिक और विभागीय उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) 2024 के लिखित परीक्षा के अंकों और इंटरव्यू के अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग करके किया जाएगा। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक सैलरी पैकेज मिलेगा। एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पद पर चयनित कैंडिडेट्स का पे-स्केल 40,000 से 1,40,000 रुपए प्रति माह रहेगा। इसके अलावा, कंपनी के नियमानुसार अन्य सरकारी भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी।
मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (MECL) भारत सरकार के खान मंत्रालय के अधीन एक मिनीरत्न सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम है। इसकी स्थापना अक्टूबर 1972 में हुई थी। इसका मुख्य कार्यालय महाराष्ट्र के नागपुर में है। यह कंपनी देश में खनिजों की व्यवस्थित खोज, ड्रिलिंग और भू-वैज्ञानिक परामर्श सेवाएं प्रदान करती है।