देवेंद्र फडणवीस और माया इवनाते (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Rajya Sabha Candidate 2026: राज्यसभा की उम्मीदवारी मिलने से माया इवनाते आश्चर्य में हैं। उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि होली के दिन उन्हें इतना बड़ा गिफ्ट मिलने जा रहा है। ‘नवभारत’ से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मंगलवार को शाम 4.30 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें फोन पर राज्यसभा की उम्मीदवारी के बारे में जानकारी दी और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कागजात जमा कर तुरंत मुंबई आने को भी कहा। सीएम के फोन आने के बाद भी उन्हें भरोसा नहीं हो रहा था कि पार्टी उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने जा रही है। उन्होंने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार मानते हुए कहा कि बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है जो सामान्य से सामान्य कार्यकर्ताओं को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।
चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि वे एक सामान्य सी कार्यकर्ता हैं। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि राज्यसभा तक पहुंचूंगी लेकिन पार्टी ने मुझ पर भरोसा किया है तो पूरी तरह इस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने जरूर फडणवीस से विधायक बनाने की बात कहीं थी लेकिन तब हमें पता नहीं था कि वे और पार्टी इतना बड़ा प्लान बना रहे हैं। एक छोटे से कार्यकर्ता को राज्यसभा में भेजने की योजना पर वे काम कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मौका मिलने के बाद निश्चित रूप से वे समाज की भलाई के लिए कार्य करेंगी। उन्होंने माना कि यह बहुत ही नया क्षेत्र है, सीखने में कुछ समय लगेगा लेकिन इसके बाद वे समाज की भलाई के लिए कार्य करेंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी सदस्य के तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका मिला था तब समाज के लिए कई कार्य किए थे। एक बार फिर से मौका मिला है, राज्य में फैले समाज वालों के कल्याण के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगी।
यह भी पढ़ें – पिचकारी से रंग डालने आया मासूम…तो सगी दादी ने उड़ेल दिया खौलता पानी, रूह कंपा देगा नागपुर का ये VIDEO
आश्चर्य की बात यह है कि इवनाते का चयन मनपा की अग्निशमन समिति के सभापति के लिए किया गया है। स्पष्ट है कि राज्यसभा की भनक किसी को नहीं थी, इसलिए माया इवनाते का नाम समिति के लिए दे दिया गया। उन्होंने समिति में नाम न देने का भी अनुरोध किया था क्योंकि उनका मानना था कि वे महापौर रह चुकी हैं, ऐसे में समिति में रहना उचित नहीं है।