गुब्बारे, फूल और विल यू मैरी मी...फिर होटल के कमरे में हुआ मर्डर! नागपुर के शिवानी हत्याकांड से पुलिस भी हैरान

Nagpur Hotel Murder: नागपुर के मनीषनगर स्थित होटल में शिवानी गजभिए की हत्या ने पुलिस को उलझा दिया है। आरोपी ने कमरे को फूलों-गुब्बारों से सजाया था, लेकिन ज्वेलरी बॉक्स में हथियार भी लाया था।
New twist in the Nagpur Shivani murder case
नागपुर के शिवानी मर्डर केस में नया ट्विस्टफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Manish Nagar Hotel Murder Mystery: नागपुर बेलतरोड़ी थानांतर्गत मनीषनगर की स्टोरीज होटल में हुई शिवानी राजानंद गजभिए (28) की हत्या की घटना से पुलिस भी चकरा गई है। 24 घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है लेकिन पुलिस को संदेह है कि आरोपी किरण कुमार संजय आत्राम (40) ने हत्या की प्लानिंग पहले ही कर ली थी क्योंकि वह ज्वेलरी की बॉक्स में धारदार हथियार लेकर होटल के रूम में आया था। रूम के भीतर क्राइम सीन में भी बहुत चौंकाने वाले दृश्य सामने आ रहे हैं। सोमवार को ही किरण ने होटल में ऑनलाइन कमरा बुक किया था।

बाकायदा पेमेंट करके उसने अपना कमरा फूलों और गुब्बारों से सजवाया था। वहां 'विल यू मेरी मी' का फलक भी लगाया गया था। लाल रंग की 2 नई साड़ी भी खरीदी थीं। यदि वह कमरे में शिवानी को प्रपोज या विवाह करने वाला था तो कमरे के भीतर ऐसा क्या हुआ कि किरण ने शिवानी को मौत के घाट उतार दिया। वहीं शिवानी के परिजनों की मानें तो पिछले 7-8 वर्षों से किरण उसके पीछे पड़ा था। उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दी गई थी।

New twist in the Nagpur Shivani murder case
दो यूनिफॉर्म के लिए सिर्फ 600 रुपये? शिवानी दाणी ने शिक्षा विभाग को लौटाया प्रस्ताव

परिजन को नहीं दिया प्रतिसाद

शिवानी अजनी लोकोशेड में तकनीशियन का काम करती थी। रोज की तरह वह मंगलवार को ऑफिस जाने निकली थी लेकिन दोपहर बाद से वह कार्यालय में नहीं दिखाई दी। मां ने कई बार उसे कॉल किया लेकिन शिवानी ने प्रतिसाद नहीं दिया। ऐसे में मां ने उसके भाई नयन को फोन किया, नयन और पिता राजानंद उसे ढूंढने कार्यालय गए, वहां कुछ पता नहीं चला।

अजनी पुलिस थाने में उसके लापता होने की सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि मनीषनगर की महालक्ष्मी सोसाइटी में उसके फोन का लोकेशन मिला है। पिता-पुत्र पूरे परिसर में शिवानी को ढूंढते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला। अचानक रात 9।30 को उन्हें एक व्यक्ति ने फोन कर तुरंत होटल स्टोरीज में बुलाया। वहां पहुंचने पर शिवानी मृतावस्था में दिखाई दी। उसकी हालत देखकर दोनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

दोस्तों को घटनास्थल पर बुलाया

पुलिस का अनुमान है कि शादी के बहाने किरण ने शिवानी को होटल के कमरे में मिलने बुलाया। घटनास्थल पर ज्वेलरी बॉक्स में पुलिस को एक चाकू मिला है। दूसरे चाकू से किरण ने शिवानी पर वार किए, बाद में अपनी नस भी काट ली। पुलिस को हत्या की यह वारदात सुनियोजित इसीलिए भी लग रही है क्योंकि किरण ने खुद अपने दोस्तों को मैसेज करके होटल में आखिरी बार मिलने के लिए बुलाया था।

इससे साफ है कि वह खुद चाहता था कि मित्र उसे बचाने मौका-ए-वारदात पर पहुंच जाएं, हुआ भी कुछ ऐसा ही समय पर किरण के दोस्त होटल में पहुंच गए और तत्काल अस्पताल ले जाने से उसकी जान बच गई। यदि किरण को जान देनी थी तो वह अपने दोस्तों को होटल का लोकेशन नहीं देता। बड़े ही शातिर ढंग से उसने इस घटना को अंजाम दिया है। किरण का मेडिकल अस्पताल में उपचार चल रहा है। बुधवार को उसकी सर्जरी भी की गई लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। उससे पूछताछ के बाद ही हत्या की वजह पता चल पाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com