महिला कार चालक ने दो वृद्धों को मारी टक्कर, कई फुट तक घसीटा, एक की मौत
Besa-Pipla Road: नागपुर के बेसा-पिपला रोड पर महिला कार चालक ने दो वृद्धों को टक्कर मार दी। एक को कई फुट तक घसीटा गया, जिससे मौके पर मौत हो गई। सड़क पर गड्ढे और निर्माण कार्य हादसे का कारण बने।
- Written By: आंचल लोखंडे
महिला कार चालक ने दो वृद्धों को टक्कर मारी (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Nagpur Accident: बेसा-पिपला रोड पर बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक महिला कार चालक ने दोपहिया वाहन पर सवार दो वृद्धों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक वृद्ध कार के नीचे फंस गए और महिला चालक ने नियंत्रण खो देने के कारण उन्हें कई फुट तक घसीट दिया। स्थानीय नागरिक तुरंत मदद के लिए दौड़े और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन उपचार मिलने से पहले ही एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान पिरामिड सिटी-6, पिपला रोड निवासी रंगराव होमा पाटिल (72) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल शाम मनोहरराव नागदेव (72) भी इसी कॉलोनी में रहते हैं।
पुलिस ने कार चालक सुनैना भास्कर ओकरे (45) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुनैना पेशे से शिक्षिका हैं। जानकारी के अनुसार, रंगराव और शाम हमउम्र होने के कारण घनिष्ठ मित्र थे। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दोनों दोपहिया वाहन (क्र. MH-31 EL-8650) से बेसा चौक पर चाय पीने जा रहे थे। पिपला रोड पर लक्ष्मी मार्ट सुपर बाजार के सामने सुनैना ने अपनी कार (क्र. MH-49 BW-2742) से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वृद्ध सड़क पर गिर पड़े। शाम सड़क के एक ओर गिरे, जबकि रंगराव कार की चपेट में आ गए। नियंत्रण खो जाने के कारण सुनैना की कार रंगराव को कई फुट तक घसीटती चली गई।
महिला पर कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत उन्हें मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद रंगराव को मृत घोषित कर दिया। शाम का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही हुड़केश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। रात का समय होने के कारण पुलिस तुरंत गिरफ्तारी नहीं कर सकी, लेकिन गुरुवार सुबह महिला पर कार्रवाई की गई।
सम्बंधित ख़बरें
Nagpur Weather: सूरज दिखाएगा रौद्र रूप! नागपुर में आज रिकॉर्डतोड़ गर्मी का अनुमान, जानें कैसा होगा मौसम?
नागपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संकट, 1 जून से कई उड़ानें होंगी बंद; क्या पश्चिम एशिया का तनाव बना मुख्य कारण?
गोंदिया में 4 महीनों में 136 सड़क हादसे, 80 लोगों की मौत, 16 ब्लैकस्पॉट बने हादसों के केंद्र
जवाहरनगर में टायर बदलते समय तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, 2 चालकों की मौत, 1 युवक गंभीर घायल
ये भी पढ़े:
सड़क पर गड्ढे और निर्माण कार्य के चलते हादसा
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस मार्ग पर लंबे समय से सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। पूरी सड़क गड्ढों से भरी है और लोगों ने अपनी सुविधा अनुसार जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बना दिए हैं। इन्हीं असमान स्पीड ब्रेकरों के कारण बाइक उछल गई और रंगराव व शाम का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
नागरिकों के अनुसार, सड़क पर न तो स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था है, न ही निर्माण स्थल पर चेतावनी फलक या रेडियम संकेतक लगाए गए हैं। यही वजह है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।
