Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में अगले 4 दिन होगी आफत की भारी बारिश! इन जिलों में अलर्ट जारी

Maharashtra Weather Alert: महाराष्ट्र में मानसून की जोरदार वापसी हुई है। 6 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी। IMD ने पालघर, पुणे में रेड अलर्ट व मुंबई-नागपुर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Maharashtra Weather Update IMD Alert Rain forecast for Mumbai Pune and Nagpur
महाराष्ट्र कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी (सोर्स: AI)
Updated on

Maharashtra Weather Forecast: महाराष्ट्र में जुलाई की शुरुआत होते ही मानसून ने जोरदार वापसी की है। कोंकण, विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम महाराष्ट्र और खानदेश समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, महाराष्ट्र से लेकर उत्तरी केरल तट तक एक मजबूत कम दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर ट्रफ) सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से 6 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

इन जिलों के लिए जारी हुआ रेड और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पालघर और पुणे जिले के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, मुंबई, ठाणे, रायगड, रत्नागिरी, अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, भंडारा और चंद्रपुर जैसे प्रमुख जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों के निवासियों को बिना वजह घरों से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में आफत की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील हैं। 2 और 3 जुलाई को इन इलाकों में मूसलाधार बारिश की पूरी संभावना है, जबकि 4 से 6 जुलाई के दौरान बारिश की तीव्रता और अधिक बढ़ सकती है।

विदर्भ के सभी जिलों में हाेगी भारी बारिश

नागपुर समेत पूरे विदर्भ में पिछले दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। नागपुर शहर में बुधवार शाम को हुई झमाझम बारिश ने मौसम में ठंडक ला दी है। लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक विदर्भ के लगभग सभी जिलों में लगातार भारी बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे स्थानीय नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं। IMD ने अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, भंडारा और चंद्रपुर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मराठवाड़ा में कैसा रहेगा मौसम

मराठवाड़ा में शुक्रवार को बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है, जबकि अन्य दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, 4 जुलाई तक मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com