महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का कहर! विदर्भ में एक हफ्ता आगे बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां, जानें कब खुलेंगे स्कूल
Maharashtra School Reopening Date: महाराष्ट्र सरकार ने विदर्भ में जानलेवा गर्मी और हीटवेव के चलते स्कूलों को 22 जून तक बंद रखने का फैसला किया है, जबकि बाकी राज्य में स्कूल समय पर खुलेंगे।
- Written By: आकाश मसने
महाराष्ट्र में स्कूल खुलने का शेड्यूल जारी (डिजाइन फोटो)
Maharashtra School Reopening Schedule 2026: महाराष्ट्र सरकार ने भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विदर्भ क्षेत्र में जारी भीषण लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छुट्टियां एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई हैं। अब विदर्भ में स्कूल 22 जून से शुरू होंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी एक परिपत्र में राज्य बोर्ड से जुड़े सभी प्राइमरी, सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी स्कूलों को 2026 की गर्मियों की छुट्टियों और 2026-27 एकेडमिक सेशन की शुरुआत के बारे में जानकारी दी गई थी। इसके अनुसार, राज्य भर के स्कूलों को सोमवार, 15 जून को फिर से खुलना था। हालांकि, विदर्भ इलाके में तापमान को देखते हुए, गर्मियों की छुट्टियों और रेगुलर क्लास के लिए स्कूलों को फिर से खोलने के संबंध में बदलाव किए गए हैं।
विदर्भ में 22 जून तो बाकी महाराष्ट्र में 15 जून से खुलेंगे स्कूल
शिक्षा विभाग के नए आदेश के अनुसार विदर्भ के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय 22 जून से शुरू होंगे, जबकि राज्य के अन्य सभी क्षेत्रों में स्कूल 15 जून से नियमित रूप से खुलेंगे। प्राथमिक शिक्षा निदेशक शरद गोसावी और माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेश पालकर द्वारा जारी संयुक्त परिपत्र में यह जानकारी दी गई है। संबंधित शिक्षा अधिकारियों और निरीक्षकों को भी इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस का महा-अभियान; 15 दिनों में हजारों पर एक्शन, डिलीवरी बॉयज पर सबसे ज्यादा शिकंजा
एक्शन मोड में नागपुर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल गुडधे; पदाधिकारियों को दिया 5 बूथों का टास्क
शनिशिंगणापुर रेलवे प्रोजेक्ट का किसानों ने किया विरोध, भूमि अधिग्रहण पर प्रशासन को चेतावनी
ओडिशा से नागपुर आ रहा अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क ध्वस्त; आउटर रिंग रोड पर नाकाबंदी कर 2 तस्कर गिरफ्तार
विदर्भ में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से विदर्भ में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी में हाल ही में 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश के सबसे अधिक तापमान वाले शहरों में शामिल रहा। वहीं अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट, जबकि नागपुर और यवतमाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। अकोला भी पिछले दिनों देश के सबसे गर्मी शहरों में से एक था।
शुरुआती दिनों में सिर्फ सुबह की पाली में लगेंगे स्कूल
गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 22 जून से 30 जून तक विदर्भ के स्कूल केवल सुबह की पाली में संचालित किए जाएंगे। इसके बाद, जब मौसम में थोड़ी नरमी आने की उम्मीद है, यानी 1 जुलाई से सभी कक्षाएं अपने नियमित और पूर्ण समयानुसार चलाई जाएंगी।
यह भी पढ़ें:- Maharashtra IAS Transfer: महाराष्ट्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 4 सीनियर IAS अफसरों का हुआ तबादला, देखें लिस्ट
वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र के अन्य क्षेत्रों में मानसून की स्थिति अपेक्षाकृत अनुकूल और गर्मी कम होने के कारण वहां के स्कूल 15 जून से सामान्य समय पर शुरू होंगे। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और संबंधित अधिकारियों से नए आदेश का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
