नागपुर MLC चुनाव: भाजपा ने खोले पत्ते, कांग्रेस ने आखिरी वक्त तक बढ़ाया सस्पेंस; सियासी रोमांच तेज

Nagpur MLC Election: स्थानीय निकाय विधान परिषद चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन BJP ने उम्मीदवारों की सूची जारी की, जबकि कांग्रेस ने बगावत रोकने के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों पर सस्पेंस बरकरार रखा।
Nagpur MLC Election: BJP Reveals Its Cards, Congress Prolongs Suspense Until the Last Moment; Political Drama Intensifies
विधान परिषद चुनाव, भाजपा, कांग्रेस, उम्मीदवार, नामांकन,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Politics MLC Election: नागपुर आज यानी 1 जून को विधान परिषद की स्थानीय निकाय सीट चुनाव के नामांकन की आखिरी तारीख है और भाजपा ने देर रात अपने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी लेकिन कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों पर सस्पेंस बनाकर रखा हुआ है। उसने अपने पत्ते आधी रात तक नहीं खोले थे। बगावत को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। नागपुर सीट से डॉ। राजीव पोतदार का नाम घोषित किया गया है जिनका नाम कुछ दिनों अव्वल नंबर पर चल रहा था।

वे सुबह 10 बजे पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में अपना पर्चा दाखिल करेंगे। हालांकि कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार आधी रात तक सस्पेंस पर रखा हुआ है। कहा जा रहा है कि नाम तो तय हो चुका है और उम्मीदवार दोपहर 2 बजे पर्चा दाखिल करेगा। भाजपा की संसदीय बोर्ड की दिल्ली में बैठक के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है जिसमें 11 के नाम हैं। इनमें वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली सीट से अरुण लाखानी, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राम्हणकर, अमरावती से प्रवीण पोटे पाटिल को उम्मीदवारी दी गई है।

ये हैं अन्य उम्मीदवार

भाजपा ने सांगली सातारा सीट से धैर्यशील कदम, सोलापुर से राजेन्द्र राऊत, अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे, छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास सिरसाट, नांदेड़ से अमर राजूरकर, धाराशिव-लातूर-बीड से बसवराज पाटिल और जलगांव से नंदकिशोर महाजन को उम्मीदवारी दी गई है। बताते चले कि 17 में से 11 सीटों पर भाजपा, 4 सीटों पर शिंदे शिवसेना और 2 सीटों पर राकां अजीत पवार गुट के उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे।

कांग्रेस का संकल्प : निर्विरोध चुनाव नहीं होने देंगे

कांग्रेस नेताओं ने यह चुनाव निर्विरोध नहीं होने देने का संकल्प लिया है, पार्टी के पर्यवेक्षक नितीन राऊत की मौजूदगी में नवनियुक्त शहर अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे के कार्यालय में संडे की देर शाम बैठक आयोजित की गई थी, जिसमे ग्रामीण क्षेत्र के 4 इच्छुक उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पूर्व मंत्री सुनील केदार और सांसद श्याम बर्वे को उम्मीदवार तय करने का अधिकार सौंपा गया।

बताया जाता है कि सुनील केदार ने भरोसा दिलाया कि उम्मीदवार का नाम मध्य रात्रि तक तय कर लिया जाएगा, जबकि भाजपा से पोतदार ने पर्चा दाखिल करने की तैयारी कर ली है। सुबह 10 बजे संविधान चौक स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धाजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सभी कार्यकर्ता और नेता स्वागत लॉन में एकत्र होंगे और सुबह 11 बजे जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना होंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com