नागपुर का कलमना हत्याकांड: संपत्ति विवाद में जन्मदिन के दिन दामाद की पीट-पीटकर हत्या
Nagpur Murder Case: नागपुर के कलमना में संपत्ति विवाद के चलते जन्मदिन के दिन युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर, कलमना, संपत्ति विवाद, दामाद हत्या,(सोर्स: नवभारत डिजाइन फोटो)
Nagpur Kalmana Property Dispute Crime News: नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक युवक की जान ले ली। जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं, जब ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट, लाठी और टिकास से हमला कर दामाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक महिला आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है। मृतक की पहचान वैष्णवदेवी नगर निवासी अभिषेक धुर्वे के रूप में हुई है। मामले में दीनानाथ निर्मलकर, संतोष गायगुवाल और लक्ष्मी पटेल को आरोपी बनाया गया है। तीनों पांडुरंगनगर, कलमना क्षेत्र के निवासी हैं।
पेंशन और संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, अभिषेक की दादी सास तुलसीबाई गायगुवाल रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और उन्हें पेंशन मिलती है। उनके नाम पर मकान भी है। परिवार के कई सदस्य संपत्ति और पेंशन को लेकर लंबे समय से विवाद में उलझे हुए थे।
सम्बंधित ख़बरें
BEST बदलेगी, सफर संवरेंगे, बेस्ट के कायाकल्प का तैयार ब्लूप्रिंट, डबल डेकर विस्तार, नए रूट और भर्ती के आदेश
छत्रपति संभाजीनगर: 5.96 करोड़ के सहकारी घोटाले में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सात दिन की पुलिस हिरासत
संभाजीनगर: मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने के निर्देश, विभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत ने की SIR अभियान की समीक्षा
मुंबई: माल ढुलाई से मध्य रेल ने अप्रैल-जून में कमाएं 2143 करोड़, 3 माह में 21.21 मिलियन टन लोडिंग
कुछ महीने पहले अभिषेक तुलसीबाई को अपने घर ले गया था। उसका कहना था कि तुलसीबाई अपनी संपत्ति बेचकर सभी वारिसों में बराबर हिस्सेदारी कर दें। वहीं परिवार के अन्य सदस्य इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
जन्मदिन की रात हुआ खूनी संघर्ष
रविवार को अभिषेक का जन्मदिन था। परिवार के साथ जन्मदिन मनाने के बाद वह रात करीब 11 बजे तुलसीबाई के घर पहुंचा। यहां एक बार फिर संपत्ति के बंटवारे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दीनानाथ, संतोष और लक्ष्मी ने अभिषेक पर क्रिकेट बैट, लाठी और टिकास से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें:-पूर्वी विदर्भ की बदलेगी तस्वीर: 6 जिलों में बनेगा ईस्टर्न विदर्भ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, अधिक रोजगार का लक्ष्य!
हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि झड़प के दौरान लक्ष्मी भी घायल हुई। घटना के बाद दोनों पक्ष कलमना थाने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान अभिषेक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने उसे तत्काल मेयो अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरी आरोपी अस्पताल में
अभिषेक के भाई सागर धुर्वे की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दीनानाथ निर्मलकर और संतोष गायगुवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घायल लक्ष्मी पटेल अस्पताल में उपचाराधीन है। उसके स्वस्थ होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में प्रयुक्त हथियारों को भी जब्त कर लिया गया है।
