नागपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: एसटी बस और माल वाहन की टक्कर से हड़कंप, पूर्व आयुक्त के निजी सचिव की गई जान

LAD Chowk Accident: नागपुर के एलएडी चौक पर ST बस और दूध वाहन की टक्कर के बाद वाहन पलट गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक की मौत और तीन लोग घायल हुए।
Tragic road accident in Nagpur: Collision between ST bus and goods vehicle causes panic; former commissioner's private secretary loses his life.
नागपुर सड़क हादसा,(नवभारत फाइल फोटो)
Updated on

Nagpur ST Bus Crash: दिन निकलते ही मंगलवार की सुबह एलएडी चौक पर भयानक हादसा हुआ। नागपुर एसटी महामंडल की बस ने चौराहे पर दूध से लदे माल वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि माल वाहन पलट गया। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक करके चौक पर पहुंचे 3 वृद्ध माल वाहन की चपेट में आ गए।

उपचार के दौरान 1 की मौत हो गई, जबकि 2 वृद्ध और माल वाहन का चालक बुरी तरह जख्मी हो गया। इस घटना से कुछ समय के लिए परिसर में हड़कंप मच गया। नागरिक मदद के लिए दौड़े। पुलिस के पहुंचने के बाद चौराहे पर यातायात सुचारु किया गया।

एलएडी चौक हादसे में पूर्व मनपा कर्मचारी की मौत

मृतक कॉर्पोरेशन कॉलोनी निवासी सुनील आनंदराव जाधव (65) बताए गए। जख्मियों में गांधीनगर निवासी सुनील खुशालराव गुड़धे (62), कॉपरिशन कालोनी निवासी शैलेंद्र मारोतराव किनगांवकर (62) और खापरखेड़ा निवासी अभिषेक दुर्गाप्रसाद जागने (23) का समावेश है। जाधव महानगरपालिका के निवृत्त कर्मचारी थे।

उन्होंने कई वर्षों तक मनपा के ऑक्ट्राय विभाग में काम किया। टी चंद्रशेखर सहित अन्य मनपा आयुक्तों के निजी सचिव भी रहे। रोजाना जाधव अपने मित्रों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकलते थे। गप्पें और चाय-पानी के बाद घर लौटते थे।

उनके दोस्त सुनील गुड़धे ने बताया कि मंगलवार की सुबह तीनों रामनगर चौक की ओर से वॉक करते हुए एलएडी चौक पर आए। लगभग 6:45 बजे के दौरान दूध से लदा माल वाहन क्र. एमएच.31-जीबी.0585 का चालक रामनगर से अभ्यंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान शंकरनगर से अंबाझरी टी-प्वाइंट की ओर जा रही एसटी बस क्र. एमएच.40-वाई. 5127 के चालक ने माल वाहन को टक्कर मार दी।

निजी अस्पताल में इलाज

जोरदार भिड़ंत के बाद माल वाहन उन तीनों पर पलट गया, उन्हें और किनगांवकर को गंभीर चोट आई लेकिन जाधव माल वाहन के नीचे दब गए, उनके दोनों पैरों पर गंभीर चोट लगी थी। स्थानीय नागरिक मदद के लिए दौडे।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सभी ने मिलकर जाधव को वाहन के नीचे से निकाला। वाहन चालक सहित चारों जख्मियों को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान डॉक्टर ने जाधव को मृत घोषित कर दिया। अन्य 3 का उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए परिसर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारु हुई जाधव की मृत्यु से परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर आरोपी एसटी बस चालक के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com