नागपुर में धर्म परिवर्तन का खौफनाक खेल: कोलकाता की महिला को बंधक बनाकर मारपीट, 6 आरोपियों पर केस दर्ज

Nagpur Assault Case:कोलकाता की एक महिला की शिकायत पर कन्हान पुलिस ने जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव, मारपीट, छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
The Horrific Game of Religious Conversion in Nagpur: Kolkata Woman Held Hostage and Assaulted; Case Registered Against 6 Accused
कन्हान पुलिस, धर्मांतरण आरोप, महिला शिकायत,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Attempt to Murder: कोलकाता निवासी एक महिला ने दर्शन के लिए नागपुर आने के दौरान जबरन धर्मातरण का दबाव बनाने, छेड़छाड़ करने तथा हत्या का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में कन्हान पुलिस ने जूनी कामठी स्थित गाडेघाट क्षेत्र की मरियम अम्मा दरगाह से जुड़े छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों में बाबा ताजी जनवीरुद्दीन, उसकी पत्नी, ताजी मुस्तफा फीरुद्दीन फैज, तेजस खोब्रागड़े, बशरा फातेमा ताजी, मल्हार धुले तथा अन्य का समावेश है। पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय पौड़िता पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित डमडम क्षेत्र की रहने वाली है। वह समय-समय पर ओल्ड कामठी स्थित मरियम अम्मा दरगाह में दर्शन के लिए आती रही है।

शिकायत में महिला ने बताया कि अप्रैल माह में वह दरगाह में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। महिला का आरोप है कि 18 अप्रैल की रात आरोपियों और उनके साथियों ने उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, छेड़छाड़ की गई तथा उसे जान से मारने का प्रयास किया गया, इतना ही नहीं उसे कथित रूप से बंधक बनाकर भी रखा गया। 19 अप्रैल को वह किसी तरह वहां से भाग निकलने में सफल रही। ट्रेन में सवार होकर 21 अप्रैल को कोलकाता पहुंची। अवस्था काफी गंभीर थी और उसे चोटें भी आई थी।

निजी अस्पताल में कराया गया उपचार

बुरी तरह जख्मी होने के कारण उसने कोलकाता पहुंचने के बाद उसने एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। उपचार के बाद 3 मई को उसने डमडम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर डमडम पुलिस ने 'जीरो एफआईआर' के तहत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। घटना का स्थान कन्हान थाना क्षेत्र में आने के कारण प्रकरण जांच के लिए कन्हान पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया।

कन्हान पुलिस को बुधवार को मामले से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए, जिसके बाद यहां विधिवत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज नहीं किया गया है। ऐसे में घटना के संबंध में अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पुलिस महिला का बयान दर्ज होने के बाद ही पूरी घटना का पता चल पाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com